Barabanki News: बाराबंकी, 18 नवम्बर 2026। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं राज्य मंत्री (कारागार), उत्तर प्रदेश सरकार मा० श्री सुरेश राही की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। सर्वप्रथम पूर्व में आयोजित समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की आख्या की समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा की गई कार्यवाही एवं योजनाओं की प्रगति का परीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुंचाया जाए।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि नगरीय क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। नगर निकायों में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि आमजन को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध हो तथा इसमें किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।

विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी आमजन के लिए सहज रूप से उपलब्ध रहें। विद्युत आपूर्ति अथवा अन्य विद्युत संबंधी समस्याएं प्राप्त होने पर उनका तत्काल संज्ञान लेते हुए त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग आमजन से सीधे जुड़ा हुआ अत्यंत महत्वपूर्ण विभाग है। इसलिए जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाया जाए तथा आमजन को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं। चिकित्सकीय सेवाओं एवं अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए।
कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराते हुए प्राकृतिक आपदा अथवा अन्य कारणों से फसल प्रभावित होने वाले पात्र किसानों को योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए उन्हें शासन की योजनाओं से लाभान्वित किया जाए।
विभिन्न अनुदानित योजनाओं की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि इन योजनाओं का लाभ जनपद के स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए, जिससे उन्हें स्वरोजगार एवं रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें।

उर्वरक की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि जनपद में उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता है। उर्वरक वितरण व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारी प्रभावी पर्यवेक्षण करें। उर्वरक की कालाबाजारी एवं निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर बिक्री (ओवर रेटिंग) की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। इसके लिए नियमित रूप से छापेमारी कराई जाए तथा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
धान खरीद की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि धान क्रय केंद्रों पर छोटे एवं मझोले किसानों के धान की खरीद को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक क्रय केंद्र पर यह विवरण अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहे कि अब तक कितने छोटे एवं मझोले किसानों का धान खरीदा गया है। धान खरीद प्रक्रिया में किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा पूरी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा तथा जिम्मेदार अधिकारियों के प्रति प्रतिकूल दृष्टिकोण अपनाया जाएगा।
प्रभारी मंत्री ने जनपद में नवस्वीकृत विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि सड़क, सेतु एवं अन्य विकास परियोजनाओं का शिलान्यास मा० जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में शीघ्र कराया जाए, ताकि विकास कार्यों को समय से प्रारंभ कराकर निर्धारित गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप पूर्ण कराया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति देने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह ने प्रभारी मंत्री को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का प्रभावी एवं समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
बैठक में मा० एमएलसी श्री अंगद सिंह, जिला पंचायत प्रशासक श्रीमती राजरानी रावत, मा० विधायक हैदरगढ़ श्री दिनेश रावत, जिलाध्यक्ष भाजपा श्री राम सिंह वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी श्री पंकज वर्मा, एएसपी उत्तरी श्री विवेक तिवारी, अपर जिलाधिकारी श्री निरंकार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रंजन गौतम सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।









