Hapur News: उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ के थाना धौलाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। गुलावठी की ओर से मसूरी जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ट्रक के नीचे आने से साइकिल सवार की दर्दनाक मौत हो गई।
Hapur News: अचानक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया
— India 24×7 live Tv (@india24x7livetv) December 13, 2023
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि बुधवार की सुबह करीब पांच बजे एक ट्रक गुलावठी की और से तंबाकू लेकर मसूरी की ओर जा रहा था। जैसे ही वह सिवाया गेट के पास पहुंचा तो अचानक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहा साइकिल सवार ट्रक के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
Hapur News: मृतक की शिनाख्त कराने पर पता चला कि मृतक ग्राम सिवाया निवासी राजेंद्र है जो एनटीपीसी में नौकरी करने के लिए जा रहा था। राजेंद्र के परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी है। दिन निकलते ही जैसे ही हादसे में राजेंद्र की मौत की सूचना उसके परिजन को मिली तो उनमें कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। आनन फानन में परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। जांच में जो भी दोषी पाया गया उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द इस मामले की जांच की जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।










