रेणुकूट: हिण्डाल्को प्रबंधन द्वारा 10 दिसंबर को अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। मानवीय सम्मान और अधिकारों को समर्पित इस दिवस पर आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत हिण्डाल्को में दीप प्रज्ज्वलन व आदित्य वंदना के साथ की गई।
कार्यक्रम में हिण्डाल्को के सीओओ श्री एन. नागेश ने मानवाधिकारों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मानवाधिकार सभी मनुष्यों के लिए समान होते हैं, चाहे उनकी जाति, धर्म, लिंग या कोई अन्य परिस्थिति कुछ भी हो। मानवाधिकारों का सम्मान करना ही एक समृद्ध और न्यायपूर्ण समाज का निर्माण कर सकता है।
कार्यक्रम में मौजूद सहकर्मियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों समेत ऑनलाइन माध्यम से जुड़े कर्मियों ने भी अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की। कार्यक्रम के मध्य में वीडियो के माध्यम से मानवाधिकार की समझ को और अधिक विकसित करने का प्रयास किया गया।
रेणुकूट: स्वतंत्रता हर व्यक्ति के जीवन का मूल
मानव संसाधन विभाग की वरिष्ठ अधिकारी सुश्री वनिता वासनिक ने मानवाधिकार दिवस का महत्व बताते हुए कहा कि मानवीय सम्मान, न्याय, समानता और स्वतंत्रता हर व्यक्ति के जीवन का मूल होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मानवाधिकार जागरुकता हेतु यह पूरा हफ्ता मानवाधिकार सप्ताह के रूप में मनाया जाएगा जिसके अंतर्गत विभिन्न प्लांटों के एच आर प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में गोष्ठी, रैली, नुक्कड़ नाटक आदि के जरिये मानवाधिकार जागरुकता फैलाने का प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम का समापन मानवाधिकार लिखी तख्ती के जरिये प्रतीकात्मक संदेश देने हेतु आकाश में गुब्बारे उड़ा कर किया गया। इस अवसर पर अन्य वरिष्ठ अधिकारियों समेत मान्यता प्राप्त यूनियन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम के माध्यम से हिण्डाल्को ने एक बार फिर मानवाधिकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया है। यह कंपनी का मानना है कि मानवाधिकार सभी मनुष्यों के लिए मूलभूत अधिकार हैं और इनका सम्मान किया जाना चाहिए.
रिपोर्ट- सुनील ठाकुर
















Comments 1