Lucknow Poster War: लखनऊ में एक बार फिर सियासी माहौल पोस्टरवार के जरिए गर्माता नजर आ रहा है। राजधानी के प्रमुख इलाकों, खासकर हजरतगंज चौराहे और मुख्यमंत्री आवास के आसपास, बड़े-बड़े होर्डिंग्स लगाकर समाजवादी पार्टी और मौजूदा योगी सरकार की तुलना की गई है। इन पोस्टरों में यूथ अगेंस्ट माफिया नाम का जिक्र करते हुए सपा शासन को ल्यारी राज बताया गया है, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धुरंधर सीएम के रूप में पेश किया गया है।
होर्डिंग्स में सपा सरकार के दौरान हुई घटनाओं को प्रमुखता से दिखाया गया है। मुजफ्फरनगर, मेरठ और शामली में हुए दंगों का जिक्र करते हुए सपा पर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए गए हैं। वहीं दूसरी ओर, योगी सरकार के कार्यकाल को माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के रूप में प्रस्तुत किया गया है।पोस्टरों में कुख्यात अपराधियों जैसे अतीक अहमद, मुख्तार अंसारी और मुकीम काला के अंत से जुड़ी अखबारों की कटिंग भी लगाई गई हैं, जिनके जरिए यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि मौजूदा सरकार ने अपराध और माफिया के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है।
धुरंधर सीएम के नाम के साथ इन तस्वीरों को जोड़कर एक मजबूत प्रशासनिक छवि गढ़ने का प्रयास साफ दिखता है।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह पोस्टरवार आगामी चुनावों से पहले जनमत को प्रभावित करने की रणनीति का हिस्सा हो सकता है। हालांकि, इन पोस्टरों को लेकर अभी तक किसी राजनीतिक दल की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। फिलहाल, लखनऊ की सड़कों पर लगे ये होर्डिंग्स लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं।















