Prateek Yadav: समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और भारतीय जनता पार्टी नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया। 38 वर्षीय प्रतीक यादव की मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। शुरुआती जानकारी में प्रतीक यादव की मौत को संदिग्ध माना जा रहा है और डॉक्टरों ने जहर की आशंका भी जताई है। फिलहाल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 6 बजे प्रतीक यादव के ड्राइवर ने सिविल अस्पताल के डॉक्टर को फोन कर घर आने के लिए कहा। ड्राइवर ने बताया कि “भइया को कुछ हो गया है, जल्दी चलिए।” इसके बाद डॉक्टर ने अपने इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (ईएमओ) को प्रतीक यादव के घर भेजा। (Prateek Yadav)डॉक्टर के अनुसार जब मेडिकल टीम प्रतीक के घर पहुंची, तब तक उनके शरीर में कोई हरकत नहीं थी। इसके बाद उन्हें तुरंत लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामला संदिग्ध लगने के कारण पुलिस प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। डॉक्टरों को प्रथम दृष्टया मामला “सस्पेक्टेड पॉइजनिंग” का लग रहा है। यही वजह है कि पोस्टमॉर्टम की वीडियोग्राफी कराई जा रही है और डॉक्टरों का विशेष पैनल जांच में जुटा है।
Prateek Yadav: घर के किचन में अचेत मिले थे प्रतीक यादव
सूत्रों के मुताबिक, बुधवार तड़के करीब चार बजे प्रतीक यादव अपने घर के किचन में अचेत अवस्था में मिले थे। उनके शरीर पर कुछ चोट के निशान भी पाए गए हैं। हालांकि, यह चोटें कैसे आईं और उनका मौत से कोई संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। परिवार की ओर से भी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। प्रतीक यादव राजनीति से दूर रहकर बिजनेस और फिटनेस सेक्टर में सक्रिय थे। उन्होंने यूनाइटेड किंगडम की लीड्स यूनिवर्सिटी से एमबीए की पढ़ाई की थी।
फिटनेस के प्रति उनका खास लगाव था और लखनऊ में उनका जिम बिजनेस भी था। हालांकि वे समाजवादी पार्टी के राजनीतिक परिवार से जुड़े थे, लेकिन उन्होंने कभी चुनाव नहीं लड़ा और न ही पार्टी में कोई बड़ा पद संभाला। उनकी पत्नी अपर्णा यादव ने 2022 में भाजपा जॉइन की थी और वर्तमान में उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। प्रतीक और अपर्णा की शादी 2011 में हुई थी। हाल के दिनों में दोनों के रिश्तों में तनाव की खबरें भी सामने आई थीं। प्रतीक यादव के निधन पर कई राजनीतिक नेताओं ने शोक जताया है।










