UP News: सोनभद्र/रेणुकूट। जिले के रेणुकूट निवासी और हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड में कार्यरत अंतरराष्ट्रीय ताईक्वांडो खिलाड़ी रवि सिंह ने खेल जगत में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। रवि सिंह का चयन CBSE नेशनल ताईक्वांडो चैंपियनशिप-2026 में नेशनल रेफरी के रूप में किया गया है। प्रतियोगिता का आयोजन 19 से 24 सितंबर 2026 तक हरियाणा के पानीपत स्थित बाल विकास प्रोग्रेसिव स्कूल, जटल में किया जाएगा।
रवि सिंह, स्वर्गीय महामाया प्रसाद सिंह के पुत्र हैं और हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के ब्वायलर को-जेनरेशन विभाग में कार्यरत हैं। खेल के क्षेत्र में उन्होंने राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। रवि सिंह विश्व चैंपियनशिप में भारत के लिए सिल्वर मेडल हासिल कर चुके हैं। इसके अलावा वह कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

एक खिलाड़ी के तौर पर शानदार उपलब्धियां हासिल करने के बाद अब CBSE नेशनल चैंपियनशिप में नेशनल रेफरी के रूप में उनकी नियुक्ति उनके खेल अनुभव और विशेषज्ञता को दर्शाती है। रवि सिंह नेशनल रेफरी, NIS कोच और चौथी डान ब्लैक बेल्ट हैं। ताईक्वांडो के क्षेत्र में लंबे अनुभव के चलते वह खिलाड़ियों को प्रशिक्षण भी प्रदान करते हैं।
रवि सिंह खेल प्रशिक्षण के साथ सामाजिक स्तर पर भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वह विद्यालयों में बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देते हैं, ताकि छात्राएं आत्मविश्वास के साथ अपनी सुरक्षा कर सकें। हिण्डालको में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करना उनकी खेल के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
CBSE नेशनल ताईक्वांडो चैंपियनशिप में नेशनल रेफरी के रूप में चयन होने पर हिण्डालको रेणुकूट, सोनभद्र और खेल जगत से जुड़े लोगों ने खुशी जताई। लोगों ने रवि सिंह को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।










