रिपोर्ट- सन्तोष कुमार वर्मा
UP News: जहांगीराबाद (सीतापुर)। सदरपुर थाना अंतर्गत जहांगीराबाद में गेहूं बेचने आये युवक को अज्ञात चौपहिया वाहन द्वारा टक्कर मारने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की।
रेउसा थाना क्षेत्र के अमिरती गांव निवासी सुरेश (45 वर्ष) पुत्र लल्ला बुधवार दोपहर लगभग 1:30 बजे अपने छोटे पुत्र को साथ ले साइकिल से जहांगीराबाद कुछ सामान खरीदने के लिए गेहूं बेचने आये थे। केवानी नदी पुल से आगे धर्म कांटा के निकट एक फुटकर गल्ला व्यापारी के यहां सुरेश ने गेहूं बेचा। सुरेश साइकिल को पकड़े दुकान के सामने सड़क किनारे खड़ा था जबकि उनका बेटा दुकान में गेहूं तुलवा रहा था इसी बीच रेउसा से बिसवां की ओर जा रहे अनियंत्रित अज्ञात चौपहिया वाहन ने सुरेश को जोरदार टक्कर मार दी जिससे सुरेश साइकिल सहित लगभग 25-30 मीटर तक गाड़ी में फंसकर घिसटता चला गया जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। टक्कर के बाद चौपहिया वाहन चालक वाहन सहित मौके से भाग गया।
सूचना पाकर सदरपुर की देबियापुर पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दिलीप कुमार सिंह दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और सुरेश को एम्बुलेंस से बिसवां सीएचसी भेजवाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों को सूचना मिलने पर वह भी बिसवां अस्पताल पहुंच गये। परिवार वालों का रो रो कर बुरा हाल है।
गांव वालों ने बताया कि सुरेश का परिवार एक गरीब परिवार है। पत्नी सुशीला के अलावा उसके तीन संतानें भी हैं जिनमें दो पुत्र संदीप (15 वर्ष) व प्रदीप (12 वर्ष) और एक पुत्री पूनम (10 वर्ष) है। सुरेश ही परिवार का एक मात्र सहारा था वह मेहनत मजदूरी करके अपने परिवार का भरण पोषण करता था।उसे कुछ सामान लेना था इसलिए पैसों के इंतजाम के लिए वह जहांगीराबाद गेहूं बेचने गया हुआ था। इसी समय यह घटना हो गयी।















