रिपोर्ट -मनोज कुमार
बाराबंकी, 19 मार्च। विधान परिषद की प्रदेशीय विद्युत व्यवस्था संबंधी जांच समिति के प्रस्तावित अध्ययन भ्रमण के दौरान गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित लोक सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए।
बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति एवं सदस्य विधान परिषद श्री अंगद कुमार सिंह ने की। (UP News) इस दौरान समिति के सदस्य श्री अनूप गुप्ता, श्री पवन सिंह चौहान, श्री मानवेंद्र सिंह, श्री उमेश द्विवेदी और ई0 अवनीश सिंह पटेल सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
बैठक में विद्युत आपूर्ति की वर्तमान स्थिति, लाइन लॉस, ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता और बिजली चोरी जैसे गंभीर मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। (UP News) अधिकारियों और अभियंताओं से पूर्व निर्धारित 31 बिंदुओं पर बिंदुवार आख्या ली गई। समिति ने फीडरवार आंकड़ों की समीक्षा करते हुए अप्रैल, मई और जून माह में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की रणनीति पर जोर दिया।

समिति ने निर्देश दिए कि बिजली चोरी रोकने के लिए नियमित छापेमारी की जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। (UP News) साथ ही विजिलेंस टीम की कार्ययोजना को और प्रभावी बनाने पर भी बल दिया गया।
विद्यालयों के ऊपर से गुजर रहे हाई टेंशन तारों को शत-प्रतिशत हटाने और स्कूलों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लंबित विद्युत कनेक्शनों को जल्द से जल्द पूरा करने को कहा गया।
Also Read –UP: बाराबंकी में एचपीवी टीकाकरण सत्र आयोजित, किशोरियों के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम
जनता से प्राप्त शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए समिति ने अधिकारियों को नियमित अनुश्रवण के निर्देश दिए। (UP News) विद्युत अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई करते हुए जुर्माना और दंडात्मक प्रावधान लागू करने की बात भी कही गई।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक द्वारा समिति के सदस्यों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। अंत में जिलाधिकारी ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बैठक का समापन किया।














