रिपोर्ट -मनोज कुमार
UP News: बाराबंकी 20 मार्च। उत्तर प्रदेश विधानसभा की सार्वजनिक उपक्रम एवं निगम संयुक्त समिति 2025-26 की प्रथम उप समिति के द्वितीय अध्ययन भ्रमण कार्यक्रम के अन्तर्गत आज जनपद में उपसमिति की मा. संयोजक श्रीमती मनीषा अनुरागी, मा0 सदस्य विधान परिषद श्री अंगद कुमार सिंह, मा0 विधायक सदर श्री सुरेश यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री रामसिंह वर्मा की उपस्थिति में कार्यशील समस्त निगमों के जनपदीय अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट स्थित लोक सभागार में बैठक सम्पन्न हुई। (UP News) बैठक में जल निगम नगरीय के कार्यो की समीक्षा करते हुए अवगत कराया गया कि पांच परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं। समिति द्वारा निर्देश दिया गया कि पाइप लाइन बिछाने में किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं होनी चाहिए, डीपीआर में स्वीकृत मानक के अनुरूप उच्च गुणवत्ता की पाइपलाइन बिछाई जाए, जिन सड़कों को तोड़ा दिया जा रहा है उन्हें गुणवत्तापरक रेस्टोरेशन कर दिया जाए। (UP News) कार्यदायी संस्था यूपी प्रोजेक्ट्स कारपोरेशन लि0 निर्माण इकाई-14 लखनऊ की परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उक्त समिति द्वारा निर्देशित किया गया कि जनपद में कराए जा रहे निर्माण कार्यो की गुणवत्ता सुनिश्चित करें तथा समय- समय पर टीम बनाकर इसका सत्यापन कराया जाए। निर्माण कार्यो को ससमय पूर्ण करें और उसकी गुणवत्ता को सुनिश्चित करें। समिति को बताया गया कि यूपीपीसीएल के द्वारा जनपद में कुल 27 कार्य कराए जा रहे है, जिसमें 21 परियोजनाएं पूर्ण ली गयी है और शेष परियोजनाएं निर्माणाधीन है। समिति ने पूर्ण परियोजनाओं को सम्बन्धित विभागों को नियमानुसार हैण्डओवर करने के निर्देश दिए, साथ ही कहा गया कि शेष निर्माणाधीन परियोजनाओं को ससमय पूर्ण कर लिया जाए। समिति ने एक परियोजना, तहसील नवाबगंज के खसपरिया स्थित मत्थेश्वर महादेव मंदिर के पर्यटन विकास कार्य की जांच कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश सम्बन्धित को दिए।

Also Read –UP News: बाराबंकी में ईद से पहले कड़ी सुरक्षा: पुलिस अधीक्षक ने किया फ्लैग मार्च और निरीक्षण
बैठक में जल जीवन मिशन ग्रामीण के अन्तर्गत निर्माणाधीन पेयजल योजनाओं की समीक्षा की गयी। अधिशासी अभियन्ता जल निगम द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में 849 पेयजल परियोजनाएं है। समिति ने समस्त पेयजल परियोजनाओं को पूर्ण करने के साथ ही नियमित जलापूर्ति करने के निर्देश दिए। (UP News) उन्होंने निर्देशित किया कि जिन गांवों में हर घर नल योजना के तहत कार्य कराए जा रहे हैं, पाइप पेयजल योजनाओं हेतु जो भी सड़के खोदी जा रही हैं उसका उसी ससमय रेस्टोरेशन कर दिया जाए ताकि आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इस प्रकार की कोई भी शिकायत ग्रामीण स्तर से नहीं होनी चाहिए तथा पूर्ण कराए गए कार्यों के ग्रामों की सूची उपलब्ध कराए जाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में विद्युत विभाग के अन्तर्गत रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति, ट्रांसफार्मरों का प्रतिस्थापन तथा विद्युत बिल से सम्बन्धित जन समस्याओं के निराकरण पर भी चर्चा की गयी। माननीय संयोजक, उप समिति ने कहा कि किसानों के लिए विद्युत आपूर्ति अति आवश्यक है। (UP News) शासन द्वारा निर्धारित समयावधि के अनुरूप ही विद्युत आपूर्ति की जाए। (UP News) जहां पर भी जर्जर तार, खराब ट्रांसफार्मर के बदलने की आवश्यकता हो, उसको तत्काल करा लिया जाए, जिससे आमजनमानस को विद्युत से सम्बन्धित समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि जहां पर ट्रांसफार्मर बार-बार खराब हो रहे है, उसकी क्षमता वृद्धि करा दी जाए। जहां पर भी बड़े स्तर पर विद्युत चोरी की जा रही है उसको चिन्हित करके सम्बन्धित के विरूद्ध कार्यवाही अमल में लायी जाए।
मा0 संयोजक उप समिति श्रीमती मनीषा अनुरागी ने कहा कि सरकार के मंशानुरूप सभी अधिकारी जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। अंत में जिलाधिकारी द्वारा धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बैठक समाप्त की गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी श्री अन्ना सुदन, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) श्री निरंकार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अवधेश यादव, परियोजना निदेशक श्री राकेश कुमार, जिला विकास अधिकारी श्री भूषण कुमार सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहें।















