REPORT – jeetendra kumar
UP News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शादी समारोह में शामिल होने आए एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने युवक को सीने में गोली मारने के बाद सड़क किनारे फेंक दिया। पहले पुलिस को अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक के घायल होने की सूचना मिली थी, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसके सीने में गोली लगने की पुष्टि कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मामला हमीरपुर जिले के बिवार थाना क्षेत्र के छानी बुजुर्ग गांव का है। (UP News) पाटनपुर निवासी सचिन पुत्र शुभकरण सिंह शादी समारोह में शामिल होने के लिए गांव आया हुआ था। बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात करीब 11:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि गांव के पास सड़क किनारे एक युवक घायल अवस्था में पड़ा है और किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी है।
सूचना मिलते ही थाना बिवार पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी छानी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों द्वारा परीक्षण के दौरान युवक के सीने के बाईं ओर गोली लगने की पुष्टि हुई। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से गोली चलने के साक्ष्य मिलने की बात भी सामने आई है।
मृतक की पहचान सचिन पुत्र शुभकरण सिंह (26) निवासी पाटनपुर थाना बिवार के रूप में हुई है। (UP News) युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार और शादी वाले घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और देर रात तक घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस शादी समारोह में शामिल लोगों और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पुरानी रंजिश समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, “थाना बिवार क्षेत्र में एक युवक के घायल मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस द्वारा उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर द्वारा निरीक्षण में युवक के सीने में गोली लगने की पुष्टि हुई है। एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।”
फिलहाल शादी समारोह में आए युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने की वारदात से पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस घटना के खुलासे के लिए लगातार जांच और पूछताछ में जुटी हुई है। वहीं इस घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।










