UP Weather Today: उत्तर प्रदेश के पश्चिमी जिलों में मौसम ने अचानक करवट ली है। सोमवार को सहारनपुर, मथुरा, अलीगढ़ समेत कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने इस बदलाव को देखते हुए मंगलवार के लिए प्रदेश के लगभग 20 पश्चिमी जिलों में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।
मौसम में आए इस परिवर्तन का असर तापमान पर भी देखने को मिल सकता है। विभाग के अनुसार प्रदेश भर में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि सोमवार को कई शहरों में इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया। (UP Weather Today) बांदा 41.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। वहीं प्रयागराज में 40.5 डिग्री, वाराणसी में 39.9 डिग्री और कानपुर व अमेठी में 38.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
Also Read –Etah News: एटा में ओवरलोडिंग का खेल बेखौफ, नो-एंट्री में दौड़ते वाहन, ट्रैक्टर से पुलिसकर्मी पर हमला
राजधानी लखनऊ सहित कई शहरों में भी तेज गर्मी का असर देखने को मिला, जिससे लोगों को दिनभर उमस और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ा। लेकिन शाम के समय कुछ इलाकों में मौसम बदलने से राहत महसूस की गई। (UP Weather Today) आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार यह बदलाव ईरान के आसपास सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के कारण हो रहा है। इसके प्रभाव से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने बताया कि इस दौरान तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है।
Also Read –Vivian Dsena Baby Boy: एक्टर और बिग बॉस फेम विवियन डीसेना बने पिता, पत्नी ने दिया बेटे को जन्म
मौसम विभाग के मुताबिक सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर सहित आसपास के इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। वहीं एक अप्रैल से मौसम के फिर से शुष्क होने के आसार जताए गए हैं।
















