उज्जैन में कुछ लोगों ने फिजा बिगाड़ने का प्रयास किया। गुरुवार देर रात मोहर्रम का ताजिया भ्रमण के लिए निकाले जाने के दौरान भीड़ ने ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाए। देशविरोधी नारेबाजी भी की गई। मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 15 के खिलाफ देशद्रोह का केस दर्ज किया गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि तालिबानी मानसिकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उज्जैन के एएसपी अमरेंद्र सिंह ने कहा कि इस मामले में कार्रवाई की जा रही है। युवकों से पूछताछ के बाद कुछ और लोगों पर कार्रवाई की जा सकती है। घटना गुरुवार देर रात की है। उज्जैन की गीता कॉलोनी में मोहर्रम का ताजिया भ्रमण के लिए निकाला जा रहा था। तभी भीड़ ने देश विरोधी और पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाए। इसके बाद तत्काल पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोग इधर उधर हो गए। गिरफ्तार चारों युवकों से शहर के खारा कुआं पुलिस थाने में पूछताछ की जा रही है।
सूचना मिलते ही एएसपी अमरेंद्रसिंह और एडीएम नरेंद्र सूर्यवंशी भी गीता नगर में घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने वीडियो रिकार्डिंग और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज देखकर 15 लोगों के खिलाफ राजद्रोह का मामला दर्ज किया है। चार लोगों के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज किया गया है। इन चारों को पकड़ लिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने इस घटना को लेकर सख्त कार्रवाई की है। आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। हम तालिबानी मानसिकता को बर्दाश्त नहीं करेंगे।
घटना की एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आई है। इसमें कई लोगों की भीड़ पाकिस्तान जिंदाबाद-जिंदाबाद चिल्ला रही है। लोग इस वीडियो को शेयर करके सवाल कर रहे हैं कि ऐसी सोच के लोगों को भारत में रहने का क्या अधिकार है? दावा किया जा रहा है कि इस केस में पुलिस ने 10 लोगों के विरुद्ध देशद्रोह का मामला दर्ज किया है, इनमें से 4 की गिरफ्तारी हो गई है।
गुरुवार रात में गीता कॉलोनी स्थित बड़े साहब के समीप मोहर्रम के चलते समुदाय विशेष के लोग काफी तादाद में पहुँचे थे। जिसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस फोर्स भी तैनात किया गया। यहीं पर सायबर सेल एसआई प्रमोद भदौरिया भी ड्यूटी पर तैनात थे। लेकिन रात के करीब 10.15 बजे जफर, अनीस, अजीज, हारून कुरैशी का भांजा, अज्जू, शानू, अब्दुल, कालू, राजू, ‘शगुन गार्डन’ के पास बने ‘बड़े साहब’ पहुँचे और फिर आपत्तिजनक नारेबाजी करने लगे। उन्हें रोकने का प्रयास किया गया लेकिन वह नहीं माने।
बाद में उक्त लोगों के खिलाफ धारा 124 ए, 153 बी, 188 के तहत प्रकरण दर्ज कराया गया, जिसके बाद पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र कुमार शुक्ल इस मामले पर कहते हैं कि बड़े साहब के पास कुछ युवकों द्वारा नारे लगाकर माहौल बिगाडऩे का प्रयास किया जा रहा था जिनके खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज की गई है, साथ ही 4 युवकों को गिरफ्तार किया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात है।













