UP Politics: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत रविवार को तीन दिवसीय दौरे पर राजधानी लखनऊ पहुंचे। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत का यूपी दौरा साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर काफी अहम माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक संघ प्रमुख संगठन के विस्तार, शताब्दी वर्ष के अभियानों और प्रदेश के राजनीतिक हालात पर मंथन करेंगे।
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत निराला नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में ठहरे हैं। सरस्वती शिशु मंदिर में अवध, गोरक्ष, काशी और कानपुर प्रांत के स्वयंसेवकों का प्रशिक्षण वर्ग चल रहा है। तीन दिनों तक चलने वाले प्रशिक्षण वर्ग कार्यक्रम में मोहन भागवत संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों को बौद्धिक मार्गदर्शन देंगे। (UP Politics) इसके साथ ही वह शाखाओं के विस्तार को लेकर समीक्षा बैठकें करेंगे। आरएसएस प्रमुख हिंदू सम्मेलन, गृह संपर्क अभियान और शताब्दी वर्ष के तहत चल रहे विभिन्न कार्यक्रमों पर भी चर्चा में शामिल होंगे।
Also Read –Yogi Ki Pati: गर्मियों की छुट्टियों में बच्चों को ननिहाल-ददिहाल अवश्य ले जाएं: सीएम योगी आदित्यनाथ
UP Politics: सामाजिक-राजनीतिक हालात का फीडबैक भी लेंगे
संघ प्रमुख उत्तर प्रदेश के सामाजिक और राजनीतिक हालात का फीडबैक भी लेंगे। खासतौर से राज्य में बदलते राजनीतिक माहौल और जातीय समीकरणों को लेकर संगठन के प्रचारकों और पदाधिकारियों के साथ गहन विचार विमर्श किये जाने की भी संभावना है। (UP Politics) सूत्रों के अनुसार समाज को एकजुट रखने और विभिन्न चुनौतियों से निपटने की रणनीति पर भी चर्चा हो सकती है। इस दौरे के दौरान भाजपा संगठन और सरकार के बीच समन्वय को लेकर भी अहम बैठकें हो सकती हैं।
माना जा रहा है कि यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित राज्य सरकार के कई मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता संघ प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात कर सकते हैं। इन बैठकों में सरकार के कामकाज, हालिया मंत्रिमंडल विस्तार और संगठन की तैयारियों पर चर्चा संभव है। उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं, इसलिए मोहन भागवत का यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। संघ और भाजपा दोनों ही आगामी चुनावों के लिए संगठन को मजबूत करने और सामाजिक समीकरणों को साधने की रणनीति पर फोकस कर रहे हैं। ऐसे में लखनऊ में हो रही ये बैठकें आने वाले समय की राजनीति के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही हैं।















