राजस्थान में रविवार को कोरोना के मामलों में एक बड़ा उछाल देखने को मिला है। पिछले 24 घंटे में राजस्थान में 62 लोग संक्रमित पाए गए हैं। राजस्थान में सबसे ज्यादा 46 मामले अकेले जयपुर से हैं। जयपुर में 6 महीने बाद एक दिन में सबसे ज्यादा लोग कोविड पॉजिटिव आए हैं। जिसके बाद एक ही दिन में संक्रमित 3 गुना से ज्यादा बढ़ गए।
राज्य सरकार के लिए चिंता का कारण बन रहा कोरोना
इससे पहले एक दिन में औसतन 15 पॉजिटिव केस आ रहे थे। इसी साल 19 जून को जयपुर में 55 मामले आए थे। जयपुर में बढ़ते केस अब राज्य सरकार के लिए चिंता का कारण बन गए हैं। राहत बस इतनी है कि नए मरीजों में कोई भी गंभीर नहीं बताया जा रहा।
राजस्थान में एक्टिव मरीजों की संख्या अब 318
राजस्थान मेडिकल हेल्थ डिपार्टमेंट की रिपोर्ट के अनुसार, आज जयपुर के अलावा उदयपुर में 4, बीकानेर, गंगानगर में 3-3, अजमेर, प्रतापगढ़ में 2-2 और सीकर, जोधपुर में एक-एक केस सामने आए हैं। पूरे राजस्थान में एक्टिव मरीजों की संख्या अब 318 हो गई है।
वैशाली नगर इलाके में 5 केस तो एक ही परिवार से : सीएमएचओ
जयपुर सीएमएचओ के मुताबिक सबसे ज्यादा 6 केस वैशाली नगर इलाके में मिले हैं। इसमें 5 केस तो एक ही परिवार से हैं। इसके अलावा दुर्गापुरा में भी मिले 5 में से 4 केस एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं।









