Damascus Blast: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों (Emmanuel Macron) की सीरिया (Syria) यात्रा के दौरान मंगलवार को राजधानी दमिश्क (Damascus) में एक के बाद एक कई विस्फोट होने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि ये धमाके उस समय हुए, जब राष्ट्रपति मैक्रों सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा (Ahmed al-Sharaa) से मुलाकात के लिए राष्ट्रपति भवन पहुंचे थे। इसी दौरान उनके ठहरने वाले फोर सीजन्स होटल (Four Seasons Hotel) के पास कई विस्फोटक फट गए।
Damascus Blast: इलाके में उठता दिखा धुएं का गुबार
सीरियाई मीडिया के मुताबिक राजधानी के मध्य इलाके में दो जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। विस्फोटों के बाद घटनास्थल के आसपास धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में एक वाहन में आग लगी हुई नजर आ रही है, जबकि सड़क पर खून के धब्बे भी दिखाई दे रहे हैं।
हालांकि अभी तक इन धमाकों में कितने लोग हताहत हुए हैं, इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। साथ ही अब तक किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
होटल के आसपास फटे कई विस्फोटक
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स (Reuters) ने सुरक्षा सूत्रों के हवाले से बताया है कि जिस होटल में इमैनुएल मैक्रों ठहरे हुए हैं, उसके आसपास कई विस्फोटक उपकरण फटे। धमाकों के बाद आसपास की सड़कों को तुरंत सील कर दिया गया और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया।
फ्रांस के राष्ट्रपति कार्यालय एलिसी (Elysee) की ओर से जारी बयान के अनुसार, मैक्रों सुबह ही राष्ट्रपति भवन में होने वाली बैठक के लिए होटल से निकल चुके थे। इसके बाद यह घटना सामने आई।
सीरिया पहुंचे थे इमैनुएल मैक्रों
राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों सोमवार को सीरिया पहुंचे थे। साल 2024 में बशर अल-असद (Bashar al-Assad) के शासन के पतन के बाद वे सीरिया का दौरा करने वाले यूरोपीय संघ (European Union) के पहले नेता हैं।
उनके साथ फ्रांसीसी कारोबारी प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद है, जिसमें सीएमए-सीजीएम (CMA-CGM) के रोडोल्फ साडे (Rodolphe Saade) और टोटलएनर्जीज (TotalEnergies) के पैट्रिक पॉयाने (Patrick Pouyanne) शामिल हैं।
यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब अमेरिका (United States), इजरायल (Israel) और ईरान (Iran) के बीच करीब एक महीने तक चले युद्ध के बाद मध्य पूर्व (Middle East) में अपेक्षाकृत शांति का माहौल बना हुआ है। दमिश्क से मैक्रों आज नाटो शिखर सम्मेलन (NATO Summit) में हिस्सा लेने के लिए तुर्की (Turkey) की राजधानी अंकारा (Ankara) रवाना होंगे।
कुछ दिन पहले भी हुआ था बड़ा विस्फोट
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही दमिश्क के जस्टिस पैलेस (Justice Palace) के पास स्थित एक कैफे में हुए विस्फोट में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 20 अन्य घायल हुए थे। इसके बाद एक बार फिर राजधानी में धमाकों की खबर सामने आने से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।
फिलहाल जांच एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हुई हैं। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि इस घटना को किस संगठन ने अंजाम दिया है। इस घटना के बाद फ्रांसीसी राष्ट्रपति की सुरक्षा में बड़ी चूक मानी जा रही है।










