पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू को लेकर पंजाब की सियासत में कयासबाजी तेज हो गई है। सिद्धू के नए ट्वीट से पंजाब की सियासत में हलचल पैदा हो गई है। इस ट्वीट से संकेत मिल रहा है कि सिद्धू कांग्रेस को अलविदा कह कर आम आदमी पार्टी में शामिल हो सकते हैं।
दरअसल, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पिछले दिनों ऐलान किया था कि पंजाब में आम आदमी पार्टी का मुख्यमंत्री पद का चेहरा सिख ही होगा। तभी से ये अटकलें लगाई जा रही थीं कि ऐसा कौन सा नेता है जो आम आदमी पार्टी में जा सकता है। क्या यह नवजोत सिंह सिद्धू हो सकते हैं। आज उन्होंने जिस तरह से ट्वीट किया है उससे तो यही आभास हो रहा है। यही नहीं, उन्होंने 2017 के आम आदमी पार्टी के एक वीडियो को भी शेयर किया है।
सिद्धू ने अपने ट्वीट के साथ एक वीडियो भी शेयर किया है जो 2017 का है जब वह भाजपा को छोड़कर आए थे और उनकी आम आदमी पार्टी में शामिल होने की बातचीत चल रही थी। इसमें पंजाब मामलों के प्रभारी संजय सिंह उनके भाजपा को छोड़ने की प्रशंसा कर रहे हैं तो भगवंत मान उन्हें सबसे ईमानदार नेता बता रहे हैं।
भगवंत मान कह रहे हैं कि मैंने तो खुद सिद्धू को आप में आने आफर किया था। वह तो मेरे लाफ्टर चैलेंज में जज रहे हैं। भगवंत मान उन्हें अपना रोल मॉडल बता रहे हैं , रोल मॉडल से कोई बड़ नहीं हो सकता । उनसे ज्यादा ईमानदार कोई नहीं हो सकता। श्रीकांत के साथ जब वह बैटिंग करने आते थे तो मैं उनके आउट होने पर टीवी ही बंद कर दिया करता था।








