Yogi Adityanath Attacks SP: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी सरकार और समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) की पिछली सरकार के बीच फर्क बताते हुए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जिस उत्तर प्रदेश में पहले कट्टा और बम बनाए जाते थे, आज उसी प्रदेश में ब्रह्मोस मिसाइल (BrahMos Missile) का निर्माण हो रहा है। योगी ने इसे अपनी सरकार की बदली हुई पहचान बताते हुए कहा कि अब उत्तर प्रदेश देश के सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाले राज्यों में शामिल है। उनके मुताबिक, प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश (Investment) आ रहा है और निवेशकों के लिए उत्तर प्रदेश सबसे अनुकूल राज्य बनकर उभरा है। उत्तर प्रदेश समाचार
एक समाचार चैनल को दिए इंटरव्यू में मुख्यमंत्री ने प्रदेश में हुए बदलावों, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, मेट्रो और बिजली व्यवस्था का जिक्र किया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार पर निशाना साधा और आगामी चुनाव में बीजेपी की जीत को लेकर भी बड़ा दावा किया।
Yogi Adityanath Attacks SP: ‘यूपी को नई पहचान दी, निवेश के लिए खुले दरवाजे’
योगी आदित्यनाथ ने इंटरव्यू में कहा कि उनकी सरकार ने उत्तर प्रदेश को एक नई पहचान दी है। यही वजह है कि आज प्रदेश देश की सबसे बड़ी उभरती हुई अर्थव्यवस्थाओं (Emerging Economies) में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए दरवाजे खुले हैं और निवेशक यहां आ रहे हैं।
Also Read –Alwar News: तीन साल में 370 बेटियों का कन्यादान, नेक कमाई फाउंडेशन बनी बेसहारा बेटियों का सहारा !
मुख्यमंत्री ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि लोगों ने इन शहरों को बदलते हुए देखा है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या पहले किसी ने सोचा था कि जेवर में एयरपोर्ट (Jewar Airport) बनेगा और उत्तर प्रदेश के शहरों में मेट्रो (Metro) का विस्तार होगा?
बिजली और एक्सप्रेसवे को लेकर भी गिनाईं उपलब्धियां
योगी आदित्यनाथ ने बिजली व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि पहले बिजली पर सिर्फ समाजवादी पार्टी के लोगों का अधिकार हुआ करता था। उन्होंने दावा किया कि अब प्रदेश में सभी को समान रूप से बिजली मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सिर्फ पूर्वांचल एक्सप्रेसवे (Purvanchal Expressway) ही नहीं बना है, बल्कि गंगा एक्सप्रेसवे (Ganga Expressway) भी तैयार हुआ है, जो पश्चिमी उत्तर प्रदेश को पूर्वी उत्तर प्रदेश से जोड़ता है। इसके साथ ही बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे (Bundelkhand Expressway) का भी निर्माण किया गया है।
उन्होंने इन परियोजनाओं को प्रदेश में हुए विकास और बेहतर कनेक्टिविटी का उदाहरण बताया।
‘वे कट्टा और बम बनाते थे, हम ब्रह्मोस बनाते हैं’
समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा, ”जिस प्रदेश में कभी कट्टा और बम बनते थे, उस प्रदेश में आज ब्रह्मोस मिसाइलें बन रही हैं। अंतर यही है। वे कट्टा और बम बनाते थे। सड़कों पर लूट-पाट करते थे। हम ब्रह्मोस मिसाइल बनाकर भारतीय सेना को आपूर्ति कर रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि जब भारतीय सेना ब्रह्मोस मिसाइल दागती है तो पाकिस्तान बाप-बाप कहकर चिल्ला उठता है। मुख्यमंत्री ने इस बयान के जरिए अपनी सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में हुए औद्योगिक और रक्षा क्षेत्र से जुड़े बदलावों को पिछली सरकार से जोड़कर पेश किया।
बीजेपी को 320 सीटें मिलने के सवाल पर क्या बोले योगी?
इंटरव्यू के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पूछा गया कि क्या बीजेपी आगामी चुनाव में 320 सीटों का लक्ष्य पार कर सकती है। इस पर उन्होंने कहा, ”आप इसे पक्का मान सकते हैं कि चुनाव उसी दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। इसमें कोई शक नहीं है। बीजेपी लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने में सफल होगी।”
इस तरह योगी आदित्यनाथ ने एक तरफ प्रदेश में निवेश, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट और मेट्रो के विस्तार को अपनी सरकार की उपलब्धि बताया, तो दूसरी तरफ कट्टा-बम और ब्रह्मोस मिसाइल का जिक्र कर समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार पर हमला बोला। साथ ही उन्होंने बीजेपी की लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनने का दावा भी किया।









