जानें गौतम गंभीर के ट्वीट पर तीरंदाज दीपिका कुमारी ने क्यों जताई आपत्ति

Facebook
X
WhatsApp

पूर्वी दिल्ली में मौजूद यमुना स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. यहां क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए बाकी खेलों की जगह को खत्म करने का आरोप स्थानीय सांसद गौतम गंभीर पर लगा है. इस मसले पर मशहूर तीरंदाज दीपिका कुमारी ने भी ट्वीट किया जिसके बाद गंभीर को सफाई देनी पड़ी. इसके अलावा यमुना स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में लंबे समय से दौड़ने और टहलने वाले बुजुर्ग से लेकर बच्चे भी विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. इनका आरोप है कि क्रिकेट स्टेडियम के लिए उनके रनिंग ट्रैक को तोड़ दिया गया और स्टेडियम में ताला बंद कर दिया गया है. यमुना स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स को लेकर करीब डेढ़ साल से विवाद चल रहा है।

दरअसल दो दिन पहले गौतम गंभीर ने यमुना स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का वीडियो शेयर करते हुए कहा, ‘विज्ञापन इरादे और कड़ी मेहनत की जगह नहीं ले सकते. पूर्वी दिल्ली प्रो क्रिकेट के लिए तैयार है.’ बता दें कि हाल में ही मैदान पर फ्लड लाइट्स भी लगाए गए हैं. सूत्र बताते हैं कि गौतम गंभीर यहां के क्रिकेट स्टेडियम को आईपीएल के लिहाज से बड़ा करा रहे हैं. इसके लिए क्रिकेट स्टेडियम के चारों तरफ बने 400 मीटर के रनिंग ट्रैक को तोड़कर क्रिकेट स्टेडियम में मिला लिया गया।

यही नहीं सूत्रों के मुताबिक क्रिकेट और आर्चरी मैदान के बीच की दीवार को तोड़कर आर्चरी मैदान के एक हिस्से को वीआईपी पार्किंग एरिया भी बनाने के योजना थी. इसके अलावा तीरंदाजों को क्रिकेट स्टेडियम में बदलाव से हवा के बहाव में बदलाव का भी खतरा है. यह उनके तीरंदाजी पर असर डाल सकता है. इसी वजह से दीपिका कुमारी ने ट्वीट कर आर्चरी मैदान में छेड़छाड़ पर दुख जताया है. दीपिका कुमारी ने ट्वीट किया, ‘मैं 2010 राष्ट्रमंडल खेलों में इसी ग्राउंड में खेलकर दीपिका बनीं हूं. तीरंदाजी के इस ग्राउंड को कृपया करके क्रिकेट ग्राउंड में नहीं बदलें. यह एशिया का सबसे बेहतरीन तीरंदाजी ग्राउंड में से एक है जहां अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी टूर्नामेंट हो सकते हैं.’ दीपिका ने साल 2010 में सिर्फ 16 साल की उम्र में गोल्ड मेडल जीतकर धमाल मचा दिया था।

दीपिका के ट्वीट के बाद गौतम गंभीर को सफाई देनी पड़ी. गंभीर ने एक दूसरे ट्वीट में कहा, ‘यमुना स्पोटर्स ग्राउंड को तब्दील नहीं किया जा रहा है बल्कि इसे अपग्रेड किया जा रहा है. तीरंदाजी और अन्य स्पोटर्स वैसे ही होंगे जैसे पहले होते थे. एक खिलाड़ी होने के नाते मैं कोई काम ऐसा नहीं करूंगा जिससे किसी खिलाड़ी के विकास में बाधा आए.’ गंभीर के इस जवाब पर तीरंदाज अतनु दास, दीपिका कुमारी और अभिषेक शर्मा ने उन्हें धन्यवाद दिया है. लेकिन गौतम गंभीर के ट्विटर पर दिए जवाब के बाद देखना होगा कि मैदान पर इसका कितना पालन होता है।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें