जौनपुर : अनुसूचित जातियों जनजातियों ओबीसी और अल्पसंख्यकों की उत्तर प्रदेश के 60 राजनीतिक दलों के साझे मंच भारतीय महागठबंधन (इंडियन ग्रैंड अलायंस) के चौथे चरण की एकजुटता संदेश रथ यात्रा आज इलाहाबाद से शुरू होकर मछली शहर और आनापुर पहुंची। मड़ियाहूं पड़ाव पर वोटर्स पार्टी इंटरनेशनल के कार्यकर्ताओं ने यात्रा का भव्य स्वागत फूल मालाओं से किया। यात्रियों को मिष्ठान खिलाया।

वोटर्स पार्टी इंटरनेशनल इस महागठबंधन की सदस्य पार्टी है जिसके मुखिया श्री विश्वात्मा मूल रूप से जौनपुर के निवासी हैं। मछली शहर से चलकर यह यात्रा श्री विश्वात्मा के पैतृक गांव आनापुर पहुंची। अनापुर में मछली शहर जौनपुर मेन रोड पर आनापुर के आसपास के सभी गांवों के ग्रामीण और वोटर्स पार्टी इंटरनेशनल के कार्यकर्ता जमा हुए और एक सभा आयोजित की गई। यात्रा में चल रहे हैं पूर्व सांसद श्री राजकुमार सैनी ने और श्री सादेश यादव ने सभा को संबोधित किया। मैनपुरी निवासी सादेश यादव वोटर्स पार्टी इंटरनेशनल के प्रदेश अध्यक्ष हैं। आनापुर में यात्रियों को भोजन कराया गया और लगभग एक बजे जौनपुर और आजमगढ़ के लिए विदा किया गया।
पूर्व सांसद राजकुमार सैनी ने आनापुर में सभा को संबोधित करते हुए कहा 2022 में विधानसभा का चुनाव उत्तर प्रदेश के गरीबों और पिछड़ों दलितों और अल्पसंख्यकों का भविष्य तय करेगा। उन्होंने कहा कि महागठबंधन की यात्रा इसलिए निकाली जा रही है जिससे कि पिछड़ों, दलितों और मुसलमानों की एकता कायम हो सके और इस एकजुटता से भाजपा को सत्ता में आने से रोका जा सके। वोटर्स पार्टी इंटरनेशनल के प्रदेश अध्यक्ष सादेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को आगामी चुनाव में हराया नहीं गया तो आसमान छूती महंगाई से परेशान होकर लोग आत्महत्या करना शुरू कर देंगे। उन्होंने कहा की गरीबी और परिवारों में आर्थिक तंगी को देखते हुए वोटर्स पार्टी इंटरनेशनल सभी वोटरों को हर महीने ₹8000 दिलाने के लिए गत 20 वर्षों से लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि सभी जातियों के वोटरों को हर महीना ₹8000 वोटर शिप दिलाने के इस आंदोलन में अब उत्तर प्रदेश की 60 पार्टियां शामिल हो गई हैं।

वोटर्स पार्टी के जिलाधक्ष धर्मेंद्र गुप्ता ने कहा कि यह यात्रा का चौथा चरण है। पहले चरण की यात्रा लखनऊ हरदोई शाहजहांपुर बरेलीऔर मुरादाबाद होकर गुजरी थी। दूसरे चरण की यात्रा मुरादाबाद सहारनपुर, मेरठ और अलीगढ़ मंडलों से होकर गुजरी। तीसरे चरण में आगरा, एटा, फर्रुखाबाद, कानपुर, फतेहपुर और इलाहाबाद को लिया गया था। आज चौथे चरण की यात्रा इलाहाबाद से शुरू हुई है जो मछली शहर, आनापुर और जौनपुर होते हुए आजमगढ़ जाएगी और मऊ में यात्री रात्रि विश्राम करेंगे। कल 29 अक्टूबर को यात्रा मोहम्मदाबाद गोहाना से शुरू होकर गाजीपुर, रसड़ा, बांसडीह, सिकंदरपुर में पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। परसों 30 अक्टूबर को बेल्थरा रोड से यात्रा शुरू होगी रुद्रपुर, देवरिया, रामपुर, फाजिलनगर होते हुए कुशीनगर पहुंचेगी। जहां रात्रि विश्राम का कार्यक्रम है। 31 अक्टूबर को एकजुटता यात्रा कुशीनगर से शुरू होकर रामकोला, पनियारा, गोरखपुर, सहजनवा होते हुए खलीलाबाद पहुंचेगी। जहां रात्रि विश्राम होगा।

अगले दिन एक नवंबर को खलीलाबाद में 3 घंटे का रोड शो होगा और उसके बाद यात्रा बस्ती, कप्तानगंज हरैया, विक्रमजोत, अयोध्या, बाराबंकी होते हुए लखनऊ पहुंचेगी, जहां चौथे चरण की यात्रा का समापन होगा। पांचवें चरण की यात्रा बुंदेलखंड क्षेत्र में दीपावली के बाद 6 नवंबर से होगी।
रिपोर्ट : राम सुमेर









