झांसी में शनिवार को सीजन का सबसे भीषण कोहरा पड़ा। दोपहर 2 बजे तक भी पूरी तरह से कोहरा नहीं हटा। पहाड़ी इलाके से ठंडी हवाएं चलने के कारण गलन बढ़ गई और लोग ठिठुरते हुए नजर आए। जगह-जगह लोग अलाव जलाकर तापते हुए नजर आए। शनिवार को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम वैज्ञानिक के अनुसार पहाड़ी इलाके में बर्फबारी हो रही है। पहाड़ी इलाके से ठंडी हवाएं झांसी की ओर चलने से ठंड बढ़ी है। अभी अगले तीन दिनों तक मौसम ठंडा रहेगा। रविवार को भी न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
शनिवार अल सुबह भीषण कोहरा था, जिससे वाहन चालकों को परेशानी हुई। वाहन चालक नीरज कुमार वर्मा ने बताया कि कोहरे के कारण ज्यादा दूर का नहीं दिखाई दे रहा था। इसलिए स्लो स्पीड में वाहन चलाना पड़ा।
दोपहर दो बजे तक धूप नहीं निकलने और गलन बढ़ने के कारण झांसी में जगह-जगह अलाव जलते नजर आए। लकड़ी का कारोबार करने वाली रेशमा ने बताया कि रोजाना औसतन एक से दो क्विंटल लकड़ी बिकती थी। लेकिन शनिवार को दोपहर एक बजे तक 3 क्विंटल लकड़ी बिक गई।









