बेतिया : बिहार के पश्चिमी चंपारण स्थित बेतिया मेडिकल कॉलेज में आज भारी बवाल मच गया. मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टरों और नर्सों के बीच हुई झड़प से हालात तनावपूर्ण हो गए. दोनों पक्षों की ओर से लाठी-डंडे चलने लगे, साथ ही पथराव भी शुरू हो गया. इस दौरान मीडियाकर्मियों के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया. हालात इतने बिगड़ गए कि पिछले कुछ घंटों से मेडिकल कॉलेज परिसर रणक्षेत्र बना हुआ है. किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है.
जूनियर डॉक्टरों और नर्सों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है. मारपीट, तोड़फोड़ के कारण मची भगदड़ से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है. इस बवाल के कारण मेडिकल कॉलेज परिसर और आसपास के इलाके में खड़े कई वाहनों को नुकसान पहुंचा है. मामले की सूचना पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन ताजा जानकारी मिलने तक हालात शांत नहीं हुए हैं.









