कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज पंजाब में रहेंगे। वह बॉलीवुड स्टार सोनू सूद की बहन मालविका सूद के लिए मोगा में चुनावी रैली करेंगे। मोगा के अलावा राहुल गांधी फतेहगढ़ साहिब में भी प्रचार करेंगे। पंजाब में चुनाव प्रचार के लिए आखिरी 2 दिन बचे हैं। कल शाम 6 बजे के बाद प्रचार बंद हो जाएगा। चुनाव आयोग की तरफ से इस बारे में निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
राहुल गांधी पंजाब में लगातार सुरक्षा का हवाला दे रहे हैं। उन्होंने कुछ दिन पहले बरनाला रैली में इशारों में यहां तक कह दिया कि अगर कांग्रेस की सरकार न बनी तो पंजाब में आग लग सकती है। राहुल गांधी ने लोगों को कहा कि अगर कोई एक्सपेरिमेंट करना है तो फिजिक्स-कैमिस्ट्री की लैब में जाएं। उनका निशाना आम आदमी पार्टी को लेकर था, जिसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों में लोग बदलाव के मूड़ में हैं। ग्रामीणों का कहना है कि 75 साल से अकाली दल और कांग्रेस राज कर रहे हैं, इसलिए एक मौका आम आदमी पार्टी को देना चाहते हैं।
राहुल गांधी AAP के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर भी कटाक्ष कर चुके हैं कि झाड़ू का सबसे बड़ा नेता आतंकवादी के घर में मिलता है। केजरीवाल ने इसके जवाब में कहा कि मुझे कभी काला अंग्रेज तो कभी आतंकवादी कहा जाता है। इसके बावजूद पंजाब के लोग मुझे प्यार करते हैं। 20 फरवरी को पंजाब इसका फैसला कर देगा।









