मुजफ्फरनगर में करवा चौथ के मौके पर VHP ने खोले मेहंदी सेंटर, जानें क्यों?

Facebook
X
WhatsApp

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पहली बार विश्व हिंदू परिषद के द्वारा पूरे जनपद में करवा चौथ के मौके पर 13 मेहंदी सेंटर खोले गए हैं. जहां पर हिंदू बहू-बेटियां आकर अपने हाथों में हिंदू युवतियों से मेहंदी लगवा सकेंगी. वीएचपी के ये मेहंदी सेंटर जिलेभर में चर्चा का विषय बने हुए हैं. बता दें कि काफी समय से हिंदू संगठन करवाचौथ के दौरान हिन्दू बहू-बेटियों के हाथों में मुस्लिम युवकों द्वारा लगाई जाने वाली मेहंदी का विरोध करते आ रहे हैं. क्योंकि इन हिंदू संगठनों का मानना है कि करवा चौथ के दौरान मेहंदी लगाने के नाम पर मुस्लिम युवक हिंदू बहू-बेटियों को बहला-फुसलाकर लव जिहाद की ओर खींचते हैं. यही वजह है कि मंगलवार को अखिल भारत हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने अपने कार्यालय पर लठ पूजन कर ऐसे मुस्लिम युवकों को खुली चेतावनी दी है. हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने कहा कि अगर बाजार में कहीं भी किसी दुकान पर वह हिंदू बहू-बेटियों के हाथों में मेहंदी लगाते हुए पाए गए, तो अखिल भारत हिंदू महासभा उन्हें बखूबी सबक सिखाएगी।

विश्व हिंदू परिषद के द्वारा जनपद में अलग-अलग जगहों पर 13 मेहंदी सेंटरों बनाया गया है. जिस पर करवा चौथ के दौरान हिंदू बहू-बेटियां पहुंचकर अपने हाथों में हिंदू युवतियों से मेहंदी लगवा सकेंगी. इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए विश्व हिंदू परिषद के विभाग अध्यक्ष ललित माहेश्वरी ने बताया कि करवा चौथ हिंदुओं का पवित्र त्यौहार है. इस पर हमेशा से विधर्मी लोग हिंदू बहन-बेटियों को मेहंदी लगाते हैं. इस दौरान वो हिंदू युवतियों को लव जिहाद का शिकार बनाते हैं. इस बार वीएचपी और बजरंग दल ने पहला प्रयास किया है कि हमारी ही बच्चियां मेहंदी लगाएं और हमारा पैसा हमारे ही समाज में रहे. इससे इन विधर्मियों की आर्थिक रूप से कमर टूटेगी और हमारी बच्चियों का जो धर्म परिवर्तन और पलायन हो रहा है उससे निजात मिलेगी।

लव-जिहाद को रोकना मुख्य उद्देश्य
ललित माहेश्वरी ने बताया कि इसमें हमने अपने बच्चों को कहा है कि तुम मेहंदी लगाने आओ और बच्चियां आ रही हैं. समाज की महिलाओं से भी कहा है कि वह मेहंदी लगवाने आएं. बहुत बड़ी संख्या में मेहंदी लगाने के लिए बच्चियां आ रही हैं. उन में बड़ा उत्साह है. कल यहां पर बहुत भीड़ रहेगी. उन्होंने कहा कि ज्यों-ज्यों समय बीत रहा है, उसमें लव जिहाद की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं. इससे पूरा समाज चिंतित है. लव जिहाद को रोकना ही हमारा लक्ष्य है. इसलिए इसकी पहल बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद ने की है।

ललित माहेश्वरी ने बताया कि उनके इस काम के लिए उन्हें समाज से भी भरपूर सहयोग मिल रहा है. उन्होंने कहा कि हम समाज से भी यही अपेक्षा करते हैं कि वह इसमें पूरा सहयोग दें. पूरे शहर में 13 सेंटर बनाए गए है. ताकि लोगों को ज्यादा दूर न जाना पड़े. उन्होंने कहा कि पूरे मुजफ्फरनगर में यह मैसेज जाए कि अब हमारे समाज में यह जागरूकता आई है. बजरंग दल के 8 लोगों की एक टीम मार्केट में घूम रही है. यदि असामाजिक तत्वों के द्वारा मेहंदी लगाते हुआ पकड़ा गया तो उसका आधार कार्ड देख कर, फोटो पहचान करेंगे. कोई भी विधर्मी मेहंदी लगाता है, तो उसकी शिकायत पुलिस में करेंगे।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें