जौनपुर में शनिवार को बीजेपी के बड़े नेताओं का जमावड़ा लगेगा। बूथ कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देने के लिए भाजपा के बड़े नेता इकट्ठा होंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी मौजूद रहेंगी। इनके अलावा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
हालांकि प्रोटोकॉल अब तक रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री का है। भाजपा के कार्यकर्ताओं को कहना है कि कार्यक्रम में डिप्टी सीएम केशव मौर्य और स्मृति ईरानी भी शामिल हो सकती हैं।
बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के लिए वाराणसी रेंज की पुलिस भी लगाई गई है। शुक्रवार दोपहर कार्यक्रम स्थल का जायजा आईजी रेंज वाराणसी एस.के. भगत ने लिया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान हेलीपैड से लेकर पार्किंग स्थल और मंच का भी जायजा लिया।
कार्यक्रम स्थल से 200 मीटर दूर हॉकी मैदान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीपैड बनाया गया है। वहां से कार के माध्यम से मुख्यमंत्री मंच तक पहुंचेंगे। वहीं दूसरी तरफ मंच से 300 मीटर दूर व्यायाम शाला में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का हेलीकॉप्टर उतरेगा। हेलीपैड के पास हाईटेंशन वायर काट दिए गए हैं। वहां से रक्षा मंत्री फ्लीट के माध्यम से मंच तक पहुंचेंगे।
बूथ सम्मेलन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इस दौरान कई चरणों में सुरक्षा दस्ता मौजूद रहेगा। रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री की सुरक्षा में सादे ड्रेस में पुलिसकर्मी लगाए जाएंगे। कार्यक्रम में जौनपुर समेत आसपास के अन्य जिले के भी पुलिसकर्मी बुलाए गए हैं।









