‘अंतिम: द फाइनल ट्रुथ’ का आइटम सॉन्ग ‘चिंगारी’ रिलीज कर दिया गया है. सलमान खान और आयुष शर्मा स्टारर फिल्म ‘अंतिम’ जल्द ही थियेटर में रिलीज होने वाली है. इस गाने के रिलीज होने की जानकारी एक दिन पहले ही सलमान खान ने सोशल मीडिया पर पोस्टर शेयर करके दे दी थी. इस गाने में आवाज मशहूर सिंगर सुनिधि चौहान का है तो म्यूजिक हितेश मोदक ने दिया है. 26 नवंबर को रिलीज होने जा रही फिल्म के गाने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गए हैं।
‘चिंगारी’ गाने के रिलीज होने की जानकारी सलमान खान के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से दी गई. इससे पहले फिल्म के 3 गाने रिलीज किए जा चुके हैं. तीनों ही गाने बेहद पसंद किए जा रहे हैं. माना जा रहा है चौथा गाना ‘चिंगारी’ अब धमाल मचाने वाला है।
इस गाने के बोल में सोशल मीडिया का खूब इस्तेमाल किया गया है. इंस्टा स्टोरी,ट्विटर का जिक्र करने वाले इस गाने में लावणी डांसिंग स्टाइल जबरदस्त धमाल मचा रही है. माना जा रहा है कि सोशल मीडिया के जमाने में यूथ को ये गाना बेहद पसंद आने वाला है।
‘चिंगारी’ गाने में वलूचा डिसूजा अपने ठेठ महाराष्ट्रियन स्टाइल में लावणी डांस करती नजर आ रही हैं. रिलीज होते ही जिस तरह से ये गाना सोशल मीडिया पर छा गया, ऐसे में दो राय नहीं कि जाते जाते साल का ये सबसे एनर्जेटिक डांस नंबर बन जाए. इस गाने की कोरियोग्राफी कृति महेश ने की है. पहली बार ऐसा लिरिक्स सुनने में आ रहा है जिसमें सोशल मीडिया के प्रचलित शब्दों का इस्तेमाल किया गया है. वैभव जोशी ने बिलकुल ही जुदा अंदाज में लिरिक्स लिखे हैं।
‘चिंगारी’ गाने से पहले ‘अंतिम’ का गाना ‘विघ्नहर्ता’ ,’ मेरे भाई का बर्थडे’ और ‘होने लगा’ रिलीज किया जा चुका है. ‘होने लगा’ गाना आयुष शर्मा और महिमा मकवाना पर फिल्माया गया है. इस गाने में जुबिन नौटियाल की आवाज गाने को शानदार बना रही है. आयुष और महिमा के रोमांटिक ट्रैक के बाद ‘चिंगारी’ का धमाकेदार अंदाज फैंस को बेहद पसंद आ रहा है. महेश मांजरेकर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘अंतिम’ में सलमान खान एक सरदार पुलिस वाले के रोल में नजर आएंगे. फैंस इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. इस फिल्म के निर्माता खुद सलमान खान हैं।









