बॉलीवुड और हिंदीभाषी प्रदेशों में इन दिनों किसी बॉलीवुड स्टार के बजाय तेलुगू सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की धूम मची हुई है। ‘पुष्पा: द राइज’ रिलीज के बाद से लगातार इस फिल्म की चर्चा और इसकी सफलता पर केस स्टडी की जा रही है। फिल्म के हिंदी वर्जन ने भी बॉक्स ऑफिस पर 80 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली है। फिल्म के गानों ने भी दर्शकों को खासा इंप्रेस किया है। ‘सामी सामी’ के साथ साथ इसका ‘श्रीवल्ली’ गाना भी खूब फेमस हो रहा है। ‘श्रीवल्ली’ के हिंदी वर्जन को जावेद अली ने गाया है। जावेद अली ने दैनिक भास्कर से गाने की मेकिंग को लेकर खास बातें शेयर की हैं।जावेद ने कहा, इस गाने का म्यूजिक देवी श्रीप्रसाद ने कंपोज किया है। हम दोनों एक दूसरे को पहले से जानते हैं। हालांकि पिछले साल मैं इलैया राजा जी के गाने के काम से चेन्नई गया था। इलैया राजा ने फर्स्ट टाइम मुझे गाने के लिए बुलाया था। उसी समय मुझे कॉल आया डीएसपी यानी देवी श्री प्रसाद जी का। उन्होंने कहा कि अपने को ‘श्रीवल्ली’ गाना करना है। हम कैसे कर सकते हैं। मैंने उनसे कहा कि मैं चेन्नई तो आ ही रहा हूं। डीएसपी भी इलैया राजा के बहुत बड़े फैन हैं।जावेद आगे बताते हैं, मैं चेन्नई पहुंचा, ताज होटल में रुका रहा एक दिन रेस्ट किया। अगले दिन इंतजार कर रहा था कि कब इलैया जी का फोन आएगा। हालांकि इलैया राजा जी का उस दिन कॉल नहीं आया। इन द मीन टाइम डीएसपी का मुझे फिर कॉल किया और कहा कि आप हमारे पास आ जाएं। ‘श्रीवल्ली’ रिकॉर्ड और डब कर लें। अगर इलैया जी का बुलावा बीच रिकॉर्डिंग में भी आया तो आप वहां चले जाना। मुझे यह बात ठीक लगी, मैं डीएसपी के पास चला गया। तकरीबन दो से ढाई घंटे में पूरा गाना रिकॉर्ड हो गया। अब यह इतना पॉपुलर हुआ है कि सोशल मीडिया पर इसके पांच लाख रील्स बन चुके हैं।जावेद अली को गाने की वर्डिंग्स बहुत अच्छी लगी। उन्होंने कहा, ये गाना तो कमाल था ही। इससे पहले पिछले साल भी मैंने उनके लिए एक और तेलुगु गाना किया था। हालांकि वह हिंदी में नहीं आया था। ‘श्रीवल्ली’ को उन्होंने हिंदी में लाना तय किया था। इस गाने में उर्दू के अल्फाज भी हैं। जैसे ‘तेरी झलक अशरफी श्रीवल्ली’ ‘नैना मटक बरफी’, ‘पोषीदा’ आदि। मैंने इसे जरा स्टाइलाइज करके गाया। नॉर्मल सुर या टोन नहीं रखा। एक एटिट्यूड कैरी किया। खैर गाना रिकॉर्ड कर लिया।
इधर, उस पूरे दिन इलैया राजा जी का फोन ही नहीं आया। वह अच्छा ही हुआ। रात को उनका फोन आया। अगले दिन फिर मैं पूरा रिलैक्स हुआ। तब इलइया जी के लिए गाना किया। उसके अगले दिन फिर से ‘श्रीवल्ली’ गाना गाया। इसबार मैंने अलग टेक्स्चर में गाया। वो कहते हैं न कि गाने-गाने पर लिखा है कि गाने वाले का नाम। तो इसे गाने के लिए पांच सिंगर्स के नाम पर चर्चा चल रही थी। आखिर में वैसे डीएसपी ने कहा कि इसे जावेद ही गाएंगे।
जावेद बताते हैं, मैंने अभी तक फिल्म तो नहीं देखी है। हालांकि श्रीवल्ली शायद कैरेक्टर का नाम है। डीएसपी ने डबिंग के दौरान कहा कि हिंदी में कहीं ‘श्रीवल्ली’ जरा साउथ इंडियन तो नहीं साउंड करेगा। तो श्रीवल्ली के बजाय ‘श्रीदेवी’ वर्ड रख गवाया गया। हालांकि बाद में ‘श्रीवल्ली’ ही हिंदी में भी बरकारार रखा गया।









