Lakhimpur kheri News: मौसम का कहर, लखीमपुर खीरी में दीवार गिरने से एक ही परिवार के 5 लोग दबे, पिता- पुत्री की मौत

LAKHIMPURNEWS
Facebook
X
WhatsApp

Lakhimpur kheri News: यूपी के लखीमपुर के निघासन तहसील क्षेत्र के मझगई थाना अंतर्गत छेदुई पतिया गांव में बुधवार सुबह करीब 5 बजे तेज आंधी ने एक परिवार पर कहर बनकर टूट पड़ी। गांव के पतिया फार्म में एक दीवार गिरने से एक ही परिवार के पांच सदस्य मलबे में दब गए। इस दर्दनाक हादसे में रक्षपाल सिंह (45) और उनकी 10 वर्षीय बेटी रमन दीप कौर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार की दो महिलाएं और एक बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।

सुबह करीब 5 बजे ग्रामीणों को हादसे की जानकारी हुई तो स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) निघासन ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रक्षपाल सिंह और उनकी बेटी को मृत घोषित कर दिया। रक्षपाल सिंह छेदुई पतिया गांव के निवासी थे और खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। उनकी बेटी रमन दीप कौर गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा पांच की छात्रा थी।

घायलों में रक्षपाल की दोनों पत्नियां – सर्वजीत कौर (40) और सीता कौर (38) – तथा 13 वर्षीय बेटा गुरप्रीत सिंह शामिल हैं। तीनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।मझगई थाना प्रभारी राजू राव ने हादसे में दो लोगों की मौत की पुष्टि की है। ग्राम प्रधान इकराम ने बताया कि तेज आंधी के कारण मकान की दीवार अचानक गिर गई, जिससे यह हृदयविदारक घटना घटी। “ग्रामीणों की मदद से घायलों को जैसे-तैसे बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया,” उन्होंने बताया।

वहीं दूसरी ओर, बम्हनपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत बौधिया कला में भी तेज आंधी ने एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल कर दिया। यहां के निवासी नरेंद्र कुमार उर्फ बुधई (पुत्र रामेश्वर) पर आंधी के दौरान एक जामुन का पेड़ गिर पड़ा। घटना आज सुबह की ही है। सूत्रों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निघासन में चल रहा है।

तेज आंधी के चलते दो मौतें और कई घायल होने की घटनाओं ने पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय प्रशासन राहत कार्य में जुटा है और पीड़ितों को सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें