रिपोर्ट – विशाल गुप्ता
Chandauli: चंदौली नौगढ़। परिषदीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन तैयार करने वाले रसोइयों के लिए राहत भरी खबर है। शासन ने रसोइयों के मानदेय में एक हजार रुपये की बढ़ोतरी की है। अब उन्हें प्रतिमाह दो हजार रुपये के स्थान पर तीन हजार रुपये मानदेय मिलेगा। शासन के इस फैसले की जानकारी मिलते ही रविवार को नौगढ़ ब्लॉक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में रसोइयों ने खुशी जताई और सरकार के निर्णय का स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नौगढ़ ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुजीत सिंह और ग्राम प्रधान नीलम ओहरी ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को समय से पौष्टिक मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों की अहम भूमिका है। सीमित मानदेय के बावजूद रसोइये पूरी जिम्मेदारी और लगन से अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं। मानदेय में बढ़ोतरी उनके परिश्रम और सेवाभाव का सम्मान है।
खंड शिक्षा अधिकारी लालमणि कनौजिया ने भी रसोइयों को शुभकामनाएं देते हुए शासन के निर्णय को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि मानदेय बढ़ने से रसोइयों को आर्थिक राहत मिलेगी। शासन के इस फैसले से प्रदेश के करीब 1.41 लाख विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों को लाभ मिलेगा। इन विद्यालयों में लगभग 1.46 करोड़ विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
कार्यक्रम के दौरान मंडल अध्यक्ष सर्वजीत खरवार ने रसोइयों को कैशलेस कार्ड वितरित किए। सुशीला, प्रभावती, मोनिका, मीरा और लक्ष्मीना देवी समेत अन्य रसोइयों ने मानदेय बढ़ाए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की और शासन के प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर बाघी प्रधान नीलम ओहरी, पूर्व मंडल अध्यक्ष देवेंद्र साहनी, एआरपी संजीव सिंह, सहायक अध्यापक आलोक तिवारी समेत कई लोग मौजूद रहे।










