रिपोर्ट- विशाल गुप्ता
UP News: चंदौली नौगढ़। बहुजन समाज के राजनीतिक और सामाजिक अधिकारों की आवाज बुलंद करने वाले मान्यवर कांशीराम के 20वें परिनिर्वाण दिवस पर शुक्रवार को नौगढ़ ब्लॉक के अमदहा ग्राम पंचायत में गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर और मान्यवर कांशीराम के विचारों को याद करते हुए सामाजिक न्याय, संवैधानिक अधिकारों, आरक्षण और बहुजन समाज की राजनीतिक भागीदारी जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
गोष्ठी के मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत सदस्य महेंद्र कुमार राव ने कहा कि बाबा साहब डॉ. आंबेडकर ने संविधान के माध्यम से समानता, स्वतंत्रता और न्याय पर आधारित समाज की नींव रखी। वहीं मान्यवर कांशीराम ने बहुजन समाज को राजनीतिक रूप से संगठित होकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि उनके विचार आज भी समाज को दिशा देने का काम कर रहे हैं।
महेंद्र कुमार राव ने कहा कि लोकतंत्र में सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने बहुजन समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने तथा संगठित रहकर सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। वक्ताओं ने संविधान और सामाजिक न्याय की व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने पर भी जोर दिया।
गोष्ठी के दौरान सामाजिक समानता, शिक्षा और जनजागरण के माध्यम से महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही गई। वक्ताओं ने कहा कि महापुरुषों के बताए रास्ते पर चलकर ही समतामूलक समाज की स्थापना संभव है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्यामलाल भारती ने की, जबकि संचालन मल्लू राम ने किया। इस अवसर पर अमदहा के प्रधान पति जिलाजीत, समाजवादी बाबा साहब वाहिनी के जिला अध्यक्ष सुमित कुमार, विजयी, रामबृक्ष यादव, चंद्रभान, गोलू, रामअवध बांस, अर्जुन, शोभित कुमार, लालचंद प्रधान, रामप्रसाद, सुरेश कुमार, चिरंजीव लाल सिंह यादव, अरुण कुमार त्यागी, संदीप कुमार, परदेशी राव और संतोष कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।









