Muzaffarnagar Road Accident: हरिद्वार जा रहे 6 दोस्तों की दर्दनाक मौत, मुजफ्फरनगर में पलटते ही आग का गोला बनी कार !

Facebook
X
WhatsApp

Muzaffarnagar Road Accident: घर से हरिद्वार में गंगा स्नान करने के लिए निकले छह दोस्तों ने कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा कि उनका यह सफर जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर गंगा स्नान करने जा रहे छह युवकों की मुजफ्फरनगर हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद छह परिवारों में कोहराम मच गया। मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल हैं।

जानकारी के मुताबिक, हरियाणा के हिसार जिले के नारनौंद उपमंडल के गांव राखीगढ़ी और मोठ के छह दोस्त सोमवार सुबह कार से हरिद्वार के लिए रवाना हुए थे। सुबह करीब पांच बजे मुजफ्फरनगर हाईवे पर जग्गाहेड़ी टोल के बाद फ्लाईओवर पर उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार दूसरी लेन में जाकर पलट गई और उसमें आग लग गई।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर काबू पाया। कार सवार छह युवकों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन गंभीर रूप से झुलसने के कारण सभी ने दम तोड़ दिया।

दो सगे भाइयों की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

इस हादसे में राखीगढ़ी निवासी साहिल (20), अमन (21), अंकित (21), राहुल (23) और गांव मोठ के दो युवक शामिल थे। मृतकों में अंकित और राहुल सगे भाई बताए गए हैं। एक ही परिवार के दो बेटों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतकों में कोई पढ़ाई कर रहा था तो कोई ड्राइविंग, एसी-फ्रिज रिपेयरिंग और मिस्त्री का काम करके अपने परिवार का सहारा बन रहा था। सभी युवक आपस में गहरे दोस्त थे और साथ में धार्मिक यात्रा पर निकले थे।

हादसे में बिजली का खंभा भी टूटा, डिवाइडर क्षतिग्रस्त

मुजफ्फरनगर के एसएसपी के अनुसार, कार पानीपत की तरफ से आ रही थी। जग्गाहेड़ी टोल के बाद फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार के चलते चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर पलटकर आग की चपेट में आ गई। हादसे में बिजली के खंभे के दो टुकड़े हो गए और डिवाइडर का करीब 10 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे की खबर जैसे ही हरियाणा के गांव राखीगढ़ी और मोठ पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। जिन घरों से बेटे खुशी-खुशी धार्मिक यात्रा पर निकले थे, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिजनों की आंखें अपनों के इंतजार में नम हैं।

जिस सफर में छह दोस्तों को एक साथ मां गंगा के दर्शन करने थे, वह सफर छह जिंदगियों को हमेशा के लिए खत्म कर गया। अब छह परिवारों के घरों में उनकी हंसी और आवाज सिर्फ यादों में रह गई है। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें