सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक युवक की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारोपी मौके से फरार हो गए। वहीं गोली मारे जाने की भी चर्चा है। सूचना मिलने पर एसपी, एएसपी, सीओ समेत भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। अफसरों ने जांच पड़ताल की।
घटना की वजह अवैध संबंध बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा। थाना इमलिया सुल्तानपुर इलाके के निजामपुर गांव के निकट गोला सीतापुर मार्ग से कोरैय्या संपर्क मार्ग पर बाइक सवार युवक की बुधवार की शाम को हत्या कर दी गई।
सूचना पाकर लोग मौके पर पहुंचे और जानकारी पुलिस को दी गई। एसपी आरपी सिंह, एएसपी नार्थ डॉ. राजीव दीक्षित, सीओ सदर अभिषेक प्रताप अजेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। युवक को आनन-फानन में जिला अस्पताल भेजा गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी, लेकिन मौके पर मिली बाइक से शव की शिनाख्त में पुलिस को मदद मिली।
घटना को अंजाम देने के बाद फरार हुए आरोपी
मृतक की शिनाख्त हरगांव इलाके के परसेहरा शरीफपुर निवासी मोहित अवस्थी के रूप में हुई है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस का कहना है कि युवक के गले पर गंभीर घाव मिले है, इससे गले पर धारदार हथियार से वारकर हत्या की बात पुलिस कह रही है।
पुलिस की माने तो घटना के पीछे अब तक की हुई जांच में अवैध संबंधों की बात सामने आ रही है। मृतक की इमलिया सुल्तानपुर के भटपुरवा गांव में मृतक की बहन ब्याही है। रिश्तेदारी में ही एक विवाहिता से अवैध संबंधों की बात सामने आ रही है। हालांकि, अभी तक पुलिस हत्या की वजह को लेकर कुछ स्पष्ट नहीं कर पा रही है।
एसओ इमलिया सुल्तानपुर राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मौके पर युवक की बाइक खड़ी मिली। उसमें हेलमेट भी टंगा। इस एंगल पर भी जांच की जा रही है। तहरीर मिलते ही केस दर्ज किया जाएगा।









