अररिया में दिनदहाड़े बैंक से सवा करोड़ की लूट, एसपी आवास के करीब ही सनसनीखेज वारदात

Facebook
X
WhatsApp

अररिया के रिहायशी इलाके और एसपी आवास से आधे किलोमीटर की दूरी पर बस स्टैंड के पास लुटेरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। शुक्रवार को यहां बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में पांच से छह की संख्या में हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलते हुए नकद और जेवरात समेत सवा करोड़ लूट ले गए। अपराधियों ने बैंक खुलते ही बैंक के अंदर प्रवेश कर मैनेजर,कर्मचारी समेत मौके पर मौजूद ग्राहकों को अपने कब्जे में ले लिया, फिर मोबाइल छीन कर सबको बाथरूम में बंद कर दिया। घटना शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी अशोक कुमार सिंह, सदर एसडीपीओ पुष्कर कुमार समेत नगर थाना पुलिस बैंक पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है। बदमाशों ने बैंक के अंदर प्रवेश करते ही बैंक के शटर को बाहर से बंद कर दिया और मैनेजर, कर्मचारी सहित ग्राहकों से हथियार का भय दिखाते हुए मोबाइल छीन लिए।

बैंक के कैशियर सीतेश रंजन को कब्जे में लेते हुए उनसे टेस्ट रूम का चाभी लेकर चेस्ट में रखे 37 लाख रुपए लूट लिए। लुटेरों ने चेस्ट में रखे लोन वाले गहने भी उठा लिए। इसके बाद कुल रकम सवा करोड़ की बताई जा रही है। बदमाश घटना को अंजाम देने के बाद बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरा के डीवीआर को भी अपने साथ खोलकर साथ ले गए। बैंक के खाता धारक और चश्मदीद मो. अफसार अली ने बताया कि करीबन 9:45 बजे बैंक खुलने पर वो बैंक में आए, उन्हें कुछ पैसे निकालने थे। इसी बीच पांच से छह की संख्या में हथियारबंद अपराधियों ने बैंक के शटर को सबसे पहले गिरा दिया। उसके बाद मौके पर मौजूद बैंक मैनेजर, कर्मचारी समेत चार से पांच की संख्या में ग्राहकों को हथियार के बल पर अपने कब्जे में ले लिया और सबों से मोबाइल छीन उन्हें बाथरूम में बंद कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे एसपी अशोक कुमार सिंह ने बैंक के मैनेजर समेत कर्मचारियों और ग्राहकों से घटना के संदर्भ में जानकारी प्राप्त की और बदमाशों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए एसडीपीओ समेत पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। एसपी अशोक कुमार सिंह ने कहा कि घटना की हरेक बिंदुओं से जांच की जा रही है और जल्दी अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कर ली जाएगी। एसपी के निर्देश पर विभिन्न स्थानों पर नाकेबंदी कर जांच की जा रही है। साथ ही विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है। एसपी ने जल्द ही बदमाशों का शिनाख्त कर गिरफ्तारी कर लेने का दावा किया।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें