विधवा के इश्क में मारा गया राजेश
मैनपुरी। कुर्रा थाना पुलिस ने घटना के सात दिन बाद ही मर्डर जैसे जघन्य अपराध के रहस्य से आखिर पर्दा उठा ही दिया है। प्रेम संबंध के चलते युवक की गोली मारकर हत्या की गई थी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा भी बरामद कर लिया है। लिखा पढ़ी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया है।
पुलिस लाइन के मनोरंजन सदन में एएसपी राजेश कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि जनपद इटावा थाना चौबिया क्षेत्र के ग्राम नगला दलजीत निवासी हरपाल सिंह पुत्र ध्यान सिंह ने 22 अक्टूबर 2022 को थाना कुर्रा में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि उसके भाई राजेश कुमार की आगरा एक्सप्रेसवे पर बिलंदा नहर पुल के पास अज्ञात बदमाशों ने उसके भाई की खोपड़ी में गोली मार दी थी। दुर्घटना समझ कर परिवार के लोगों ने मिनी पीजीआई सैफई में भर्ती कराया था। उपचार के दौरान मेरे भाई की मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ था कि उसके भाई की मौत दुर्घटना नहीं थी। जबकि उसके सिर में गोली मारकर हत्या की गई थी। एएसपी ने बताया पुलिस अधीक्षक कमलेश दीक्षित ने इस हत्याकांड के खुलासे की कुर्रा पुलिस को कड़े निर्देश जारी किए थे। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जनपद इटावा थाना सैफई क्षेत्र के ग्राम नगला नत्थू निवासी शैलेंद्र यादव पुत्र सतीश चंद्र को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया आरोपी शैलेंद्र यादव पहले तो पुलिस को गुमराह करता रहा। बाद में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। शैलेंद्र यादव ने पुलिस को बताया कि उसके घर के सामने एक विधवा महिला रहती है। उस विधवा महिला से मेरे भी अवैध संबंध थे। उसी विधवा से नगला दलजीत निवासी राजेश कुमार के भी अवैध संबंध थे। विधवा से दोनों के संबंध थे। इसी के चलते दोनों के बीच आए दिन विवाद भी होता रहता था। हत्यारोपी शैलेंद्र यादव ने बताया कि राजेश कुमार ने मुझे 8 दिन में ठिकाने लगा देने की धमकी दी थी। शैलेंद्र यादव ने बताया कि राजेश मुझे मारता मैंने उससे पहले ही उसे ठिकाने लगाने की योजना बना डाली। राजेश कुमार विधवा महिला से मिलने के बाद वापस अपने गांव जा रहा था। बिलंदा नहर पुल के पास मैंने उसे घेर लिया था। उसके बाद 315 बोर के तमंचा से उसके सिर में गोली मारकर घायल कर दिया था। घटना को अंजाम देकर फरार हो गया था। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अपराध और अपराधियों की जड़े गहरी नहीं होती है। आखिर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने घटना में प्रयोग 315 बोर का तमंचा बरामद कर लिया है। लिखा पढ़ी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया है।
प्रेम प्रसंग के चलते हुई हत्या
कहावत है कि एक म्यान में दो तलवार नहीं रह सकती। हत्यारोपी और मृतक के एक विधवा महिला से प्रेम संबंध थे। अवैध संबंधों के चलते दोनों प्रेमियों के बीच आए दिन तकरार भी होती थी। दोनों ने ही एक दूसरे को ठिकाने लगा देने की धमकी दी थी। राजेश 8 दिन का टाइम दिया था। राजेश कुछ कर पाता इससे पहले ही शैलेंद्र यादव ने राजेश को ठिकाने लगाने की योजना बना डाली थी और मौका मिलते ही गोली मारकर हत्या कर दी।













