Alwar News: जिन बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया या आर्थिक तंगी के कारण जिनके विवाह का सपना अधूरा रह जाता है, उनके लिए अलवर की नेक कमाई फाउंडेशन सहारा बन रही है। संस्था की ओर से मंगलवार को 11 जरूरतमंद बेटियों का कन्यादान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
फाउंडेशन के चेयरमैन धर्मेंद्र अदलक्खा ने बताया कि संस्था तीन वर्षों में अब तक 370 बेटियों को विवाह सामग्री उपलब्ध करवा चुकी है। इस बार करीब 30 जरूरतमंद बेटियों में से 11 का चयन किया गया, जिनमें ताला, थानागाजी और रामगढ़ सहित विभिन्न क्षेत्रों की बेटियां शामिल हैं।

संस्था की ओर से प्रत्येक बेटी को लहंगा, सिलाई मशीन, जरूरी घरेलू सामान और 100 व्यक्तियों के भोजन के लिए राशन दिया गया। कार्यक्रम की खास परंपरा के तहत बेटियों के चरण धोकर उनका सम्मान किया गया। इस दौरान भामाशाहों और समाजसेवियों ने भी सहयोग किया।
कार्यक्रम में अलवर निवासी अनीता ने बताया कि पिता और भाई नहीं होने के कारण वह अपनी शादी की व्यवस्थाएं खुद संभाल रही थीं, लेकिन नेक कमाई फाउंडेशन ने उन्हें काफी सहयोग दिया। धर्मेंद्र अदलक्खा ने कहा कि बेटी केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद बेटियों को सम्मान और आत्मविश्वास के साथ नए जीवन की शुरुआत करवाना है।
लोकेशन- अलवर ( राजस्थान )
ब्यूरो चीफ- रुपेश शर्मा









