Anti Paper Leak Bill 2026: कई दिनों से देश में लगातार से चर्चा में रहे एंटी-पेपर लीक संशोधन विधेयक 2026 (Anti-Paper Leak Amendment Bill 2026) को अब संसद के दोनों सदनों से मंजूरी मिल गई है। पहले लोकसभा और फिर राज्यसभा ने इस विधेयक को पारित कर दिया। अब इसे राष्ट्रपति की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा और स्वीकृति मिलते ही यह कानून बन जाएगा।
इस कानून में पेपर लीक जैसे अपराधों पर सख्त कार्रवाई का प्रावधान किया गया है। विधेयक पास होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने इसे परीक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में बड़ा कदम बताया, लेकिन इस पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके (Abhijeet Dipke) ने सोशल मीडिया पर बेहद तगड़ी प्रतिक्रिया दी, जिसके बाद यह मामला गंभीर राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया।
Anti Paper Leak Bill 2026: राज्यसभा से मंजूरी के बाद अब राष्ट्रपति की स्वीकृति का इंतजार…
बृहस्पतिवार को राज्यसभा ने भी एंटी-पेपर लीक संशोधन विधेयक 2026 (Anti-Paper Leak Amendment Bill 2026) को मंजूरी दे दी। इससे पहले यह विधेयक लोकसभा से पारित हो चुका था। अब इसे राष्ट्रपति के पास भेजा जाएगा और उनकी मंजूरी मिलने के बाद यह पूरे देश में लागू हो जाएगा।
नए कानून के अंतर्गत प्रश्नपत्र लीक करने, परीक्षा में धांधली करने और संगठित तरीके से पेपर लीक कराने जैसे मामलों में दोषी पाए जाने पर 10 साल तक की जेल और 50 लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान किया गया है। सरकार का कहना है कि यह कानून पेपर माफिया के खिलाफ सख्त संदेश देगा।
PM Modi ने वीडियो जारी कर क्या कहा ?
विधेयक पारित होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने एक वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि यह कानून देश में विश्वसनीय और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि मेहनत करने वाले छात्रों के साथ किसी भी तरह का अन्याय न हो।
उन्होंने यह भी कहा कि पेपर माफिया को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और तकनीक तथा कड़े कानूनों के माध्यम से परीक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। सरकार के अनुसार, यह कानून भर्ती परीक्षाओं और अन्य सार्वजनिक परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए लाया गया है।
Abhijeet Dipke ने सोशल मीडिया पर कसा तंज
PM Modi के वीडियो संदेश के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके (Abhijeet Dipke) ने इंस्टाग्राम पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने टिप्पणी करते हुए लिखा, “आपकी त्वचा देश के भविष्य से अधिक चमकदार है।”
दीपके की इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर तगड़ी बहस शुरू हो गई। समर्थक और विरोधी दोनों पक्षों की तरफ से इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। हालांकि, सरकार की तरफ से इस टिप्पणी पर कोई आधिकारिक तौर पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई।
राज्यसभा में 7 घंटे चली लंबी बहस
राज्यसभा में इस विधेयक पर लगभग 7 घंटे तक चर्चा हुई। इस दौरान वामदलों और DMK की तरफ से कुछ संशोधन प्रस्ताव पेश किए गए, लेकिन सदन ने उन्हें खारिज कर दिया।
बहस का जवाब देते हुए केंद्रीय कार्मिक मामलों के मंत्री जितेंद्र सिंह (Jitendra Singh) ने कहा कि यह विधेयक सरकार की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है जिसके तहत पेपर लीक जैसी घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अब और सख्त कार्रवाई होगी।
NTA पर उठे सवालों का सरकार ने दिया जवाब
विपक्ष ने चर्चा के दौरान राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) की भूमिका पर भी सवाल खड़े किये। इस पर जवाब देते हुए जितेंद्र सिंह (Jitendra Singh) ने कहा कि देश में अधिकांश पेपर लीक की घटनाएं राज्य स्तरीय भर्ती और परीक्षा एजेंसियों से जुड़ी रही हैं और अधिकतर मामलों में NTA की भूमिका नहीं रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है और परीक्षा प्रणाली को मजबूत करने के लिए लगातार सुधार किए जा रहे हैं। सरकार का दावा है कि यह कानून सिर्फ सजा बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि जांच और सुनवाई की प्रक्रिया को भी तेज करेगा।
कानून में क्या-क्या परिवर्तन किए गए
संसद के दोनों सदनों से पारित यह संशोधन विधेयक साल 2024 के मूल कानून को और मजबूत बनाता है। इसमें परीक्षा में धांधली और पेपर लीक के मामलों में जेल की अवधि और जुर्माने की राशि बढ़ाई गई है। साथ ही मामलों की समयबद्ध जांच को अनिवार्य किया गया है।
इसके अलावा राज्यों को पेपर लीक से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए विशेष फास्ट-ट्रैक कोर्ट (Fast-Track Court) स्थापित करने का आदेश दिया गया है। सरकार का कहना है कि इससे मामलों का जल्द से जल्द निपटारा होगा और दोषियों को वक़्त पर सजा मिल सकेगी।
छात्र आंदोलनों के बाद आया यह कानून
यह विधेयक उन व्यापक छात्र आंदोलनों की पृष्ठभूमि में लाया गया है जो इस वर्ष विभिन्न परीक्षाओं में पेपर लीक के आरोपों के बाद हुए थे। इन आंदोलनों ने पूरे देश में परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए थे।
इसी राजनीतिक और सामाजिक दबाव के बीच तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (Dharmendra Pradhan) ने पद छोड़ दिया था। इसके बाद प्रह्लाद जोशी (Pralhad Joshi) ने शिक्षा मंत्रालय का कार्यभार संभाला।
अब सरकार इस नए कानून को परीक्षा व्यवस्था में भरोसा बहाल करने की दिशा में एक बड़ा कदम बता रही है, जबकि विपक्ष और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) इसकी प्रभावशीलता को लेकर सवाल उठाते हुए कह रहे हैं कि असली परीक्षा इसके लागू होने के बाद होगी।










