Barabanki News: कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय लोधेश्वर महादेवा में दर्शन-पूजन करने पहुंचे। दर्शन-पूजन के बाद प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी तरह से जुटी हुई है। कांग्रेस आगामी 20 दिसंबर से यूपी जोड़ो यात्रा की शुरुआत सहारनपुर जिले से करेगी। साथ ही अजय राय ने भाजपा पर निशाना साधा और अपना जनेऊ दिखाते हुए कहा कि हम लोग अंदर से हिंदू हैं। हम भाजपाइयों की तरह दिखावटी नहीं हैं। हम जनेऊधारी और बाबा विश्वनाथ के भक्त हैं। लेकिन भाजपा के लोग पहले चंदन लगाते हैं और फिर उसे मिटाकर राजनीति करते हैं।
Barabanki News: बीजेपी पर साधा निशाना
अजय राय ने हाल ही में आए पांच राज्यों के चुनाव परिणाम पर बोलते हुए कहा कि यह सच है कि नतीजे हमारे पक्ष में नहीं रहे, लेकिन पांचों राज्यों में कांग्रेस का वोट प्रतिशत बढ़ा है। अजय राय ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता को झूठे ख्वाब दिखाकर भाजपा ने इन राज्यों में अपनी सरकारें बनाई हैं। उन्होंने सवाल किया कि जब भाजपा ने राजस्थान और छत्तीसगढ़ में सस्ते सिलेंडर देने का वादा किया है। तो आखिर पूरे देश में यह सस्ते सिलेंडर क्यों नहीं दिए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र में जब कांग्रेस की सरकार थी, तब कभी भी पेट्रोलियम पदार्थों के दामों का निर्धारण ऐसे दो तरह से नहीं हुआ। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि जहां चुनाव होगा भाजपा वहां ऐसे ही सिलेंडर के दाम कम करेगी। अजय राय ने पुरानी पेंशन का मुद्दा भी उठाया और सवाल किया कि ओपीएस का वादा आखिर भाजपा कैसे पूरा करेगी।
Barabanki News: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि धार्मिक स्थल आस्था के केंद्र हैं, इनका व्यवसायीकरण न किया जाए। उन्होंने कहा कि काशी को भाजपा सरकार ने मॉल बना दिया है। धार्मिक स्थलों के पौराणिक स्वरूपों को संवारा जाए, उन्हें बिगाड़ा न जाए। एक सवाल के जवाब में कहा कि अखिलेश यादव से उनकी कोई तल्खी नहीं है। रही लोकसभा चुनाव साथ लड़ने की बात तो यह पार्टी हाईकमान तय करेगा।
अजय राय ने कहा कि लोकसभा का चुनाव पार्टी मजबूती के साथ लड़ेगी, कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ मेहनत करें। अजय राय ने कहा कि भाजपा सरकार में दुष्कर्म के अपराधियों को महिमा मंडित किया जा रहा है। सोनभद्र के दुद्धी से भाजपा विधायक जिनके ऊपर पहले से दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा चल रहा था, भाजपा ने टिकट देकर विधायक बनाया। यह भाजपा की महिलाओं के प्रति सोच दर्शाती है।
जबकि उसे न्यायालय से न्याय मिला। अजय राय ने कहा कि पूरे प्रदेश की जनता की महंगाई ने कमर तोड़ दी है, हर घर की रसोई का बजट बिगड़ गया है। नौजवान सड़क पर बेरोजगार घूम रहे हैं, महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं।















