
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। लखनऊ क्राइम ब्रांच में तैनात इंस्पेक्टर अश्विनी चतुर्वेदी की 35वीं बटालियन के स्विमिंग पूल में नहाते समय संदिग्ध परिस्थितियों में डूबने से मौत हो गयी। मिली जानकारी के अनुसार, इंस्पेक्टर अश्विनी पूर्व में चिनहट थाने में भी तैनात रह चुके हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन फानन में लखनऊ के ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर लॉ एंड आर्डर व एडीसीपी क्राइम समेत लखनऊ कमिश्नरेट के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। तेजी के साथ स्विमिंग पूल में सर्च अभियान चलाते हुए इंस्पेक्टर का शव पूल से बरामद कर बाहर निकाला गया।
Lucknow News: सुबह स्विमिंग के लिए आए थे इंस्पेक्टर, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
मौके पर मौजूद डीसीपी मध्य आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि यह पूरी घटना शुक्रवार दोपहर करीब सवा 12 बजे की है। (Lucknow News) महानगर थाना पुलिस को इस हादसे की सूचना मिली थी, जिसमें कहा गया था कि 35वीं बटालियन के स्विमिंग पूल में लखनऊ क्राइम ब्रांच में तैनात इंस्पेक्टर अश्विनी की डूबने से मौत हो गई है। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों व अधिकारियों के अलावा SDRF की टीम ने सर्च अभियान चलाकर उन्हें बाहर निकाला। मौके पर मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में पता चला है कि शुक्रवार सुबह वह यहां पर स्विमिंग करने के लिए आए हुए थे लेकिन पूल से बाहर नहीं निकले।
शरीर पर नहीं मिला कोई चोट का निशान, हर एंगल पर जांच कर रही पुलिस
डीसीपी ने कहा कि शुरुआती जांच में डूबने की वजह से मौत होने की बात सामने आ रही है। (Lucknow News) हालांकि इस मामले में हर एंगल पर जांच की जा रही है। मृतक इंस्पेक्टर के परिजनों को भी इस घटना की जानकारी दे दी गई है, वह भी जल्द ही यहां पर पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि मृतक इंस्पेक्टर के शरीर पर किसी प्रकार का चोट का निशान नहीं मिला है। पूछताछ में मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने भी सुबह 7 से 8 बजे के बीच स्विमिंग करने के लिए आने की बात कही है। पुलिस का कहना है कि इंस्पेक्टर मूल रूप से अंबेडकर नगर के रहने वाले थे मौजूदा समय में लखनऊ क्राइम ब्रांच में तैनात थे।














