Lucknow News: प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां खुद को आईपीएस अधिकारी बताने वाले एक युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। आरोप है कि युवक ने एक दुकान से 40 रुपये का बन-मक्खन खरीदा, लेकिन भुगतान करने से इनकार कर दिया। जब दुकानदार ने पैसे मांगे तो युवक ने खुद को नोएडा में तैनात आईपीएस अधिकारी बताते हुए रकम देने से मना कर दिया। घटना महानगर थाना क्षेत्र के गोल मार्केट की बताई जा रही है। दुकानदार और युवक के बीच विवाद बढ़ने पर पुलिस को सूचना दी गई।
Lucknow News: पुलिस के सामने भी दिखाया रौब
मौके पर पहुंची पुलिस के सामने भी युवक काॅलर खड़ी कर और मूंछो पर ताव देकर लगातार अपना प्रभाव जमाने की कोशिश करता रहा। उसने पुलिसकर्मियों पर सैल्यूट करने का दबाव बनाया। हालांकि, वहां मौजूद दरोगा और सिपाहियों ने स्पष्ट कहा कि केवल वर्दीधारी अधिकारियों को ही नियमानुसार सैल्यूट किया जाता है। (Lucknow News) युवक की बातों और व्यवहार से पुलिस को संदेह हुआ, जिसके बाद उससे पहचान पत्र दिखाने को कहा गया। लेकिन वह कोई वैध आईडी नहीं दिखा सका और टालमटोल करते हुए कहने लगा कि वह अगली सुबह दस्तावेज दिखाएगा।
आईडी न दिखाने पर हिरासत में लिया गया
पुलिस के अनुसार युवक की पहचान मिथिलेश शुक्ला के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान वह कोई ऐसा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका जिससे यह साबित हो सके कि वह वास्तव में आईपीएस अधिकारी है या नोएडा में तैनात है। इतना ही नहीं, आईडी मांगने पर वह पुलिसकर्मियों से ही उनके नाम पूछने लगा और बहस करने लगा। स्थिति संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। चौकी प्रभारी की तहरीर पर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। (Lucknow News) घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा दिखाई दे रहे हैं। बाद में पुलिस ने भीड़ को वहां से हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।















