रिपोर्ट – संतोष कुमार सिंह
Prayagraj News: चाका, प्रयागराज ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) चाका में समेकित शिक्षा के अंतर्गत दिव्यांग बच्चों की समावेशी शिक्षा को प्रभावी बनाने हेतु आयोजित पाँच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम दिनांक 29/12/2025 को खंड शिक्षा अधिकारी की उपस्थिति में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान संदर्भदाता रेखा त्रिपाठी एवं प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने प्रतिभागी शिक्षकों को समावेशी कक्षाओं में मौजूद विविधताओं को समझने, समता-आधारित एवं समावेशी शिक्षा की मूल अवधारणाओं, दिव्यांग बच्चों से संबंधित अधिनियमों व नीतियों तथा दिव्यांगता प्रमाण पत्र के महत्व पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। (Prayagraj News) उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि प्रशिक्षण में अर्जित ज्ञान और कौशल को विद्यालय स्तर पर व्यवहार में लाकर दिव्यांग बच्चों को मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाएँ।
इस पाँच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 45 सहायक अध्यापकों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों के व्यावसायिक कौशल का विकास हुआ, जिससे वे कक्षा में दिव्यांग बच्चों की शैक्षिक, सामाजिक एवं भावनात्मक आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से समझकर उन्हें समान अवसर प्रदान कर सकें।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया गया, ताकि समावेशी शिक्षा को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।









