Prithvi Shaw Selfie Row: भारतीय क्रिकेटर पृथ्वी शॉ के साथ सेल्फी लेने को लेकर कथित रूप से दुर्व्यवहार करने को लेकर गिरफ्तार की गई ‘सोशल मीडिया इंफ्लूएंशर’ सपना गिल को शुक्रवार को यहां के अंधेरी कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 20 फरवरी तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया. सपना ने अदालत में दावा किया कि दरअसल यह शॉ ही थे जिन्होंने उनपर प्रहार किया. उसने कहा कि शॉ ने उससे माफी मांगी और पुलिस शिकायत दर्ज नहीं कराने की गुजारिश की।
सपना गिल के वकील की तरफ से मीडिया रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए दलील दी गई कि पृथ्वी शॉ को शराब की आदत है और इसी वजह से उन्हें बीसीसीआई ने बैन किया है. (Prithvi Shaw Selfie Row) वकील ने बहस के दौरान कहा, ‘सपना ने 50,000 रुपये देने और मामला खत्म करने जैसा कुछ नहीं कहा. इसका कोई सबूत नहीं है. सपना एक रसूखदार शख्स है. घटना के 15 घंटे के बाद पृथ्वी शॉ ने अपने दोस्त के माध्यम से पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है.. घटना के दिन ही ऐसा क्यों नहीं किया गया?’
बुधवार को उपनगरीय क्षेत्र शांताक्रुज के एक शानदार होटल के बाहर जब शॉ ने गिल के साथ शेल्फी लेने से इनकार कर दिया तब दोनों पक्षों के बीच यह घटना घटी थी. हिरासत पर सुनवाई के दौरान गिल ने अनुरोध किया कि उसे इस घटना के संबंध में अपना पक्ष रखने दिया जाए, जिसे मजिस्ट्रेट ने मान लिया. गिल ने कहा कि उसके विरुद्ध लगाये गये सभी आरोप झूठे हैं. उसने कहा, ‘शॉ ने मुझे छाती एवं बांह पर मारा.’ उसने कहा, ‘हम वहां बस पुलिस की मदद लेने के लिए थे. वे आठ से दस लोग थे और हम बस दो लोग थे।
‘मैंने उनसे कभी सेल्फी खिंचाने के लिए नहीं कहा’
गिल ने दावा किया कि शॉ और उनके दोस्तों ने उससे पुलिस शिकायत दर्ज नहीं कराने की गुजारिश की और ‘सॉरी’ भी कहा. इस दावे के बारे में कि, जब उसने शॉ के साथ सेल्फी का अनुरोध किया तब यह घटना घटी, गिल ने कहा, ‘मैं उन्हें नहीं जानती, न ही मैंने उन्हें कभी देखा है. मैंने उनसे कभी सेल्फी खिंचाने के लिए नहीं कहा.’ उसने इस आरोप से भी इनकार किया कि उसने मामला रफा-दफा करने के लिए 50000 रुपये मांगे।
गिल ने दावा किया, ‘वह पूरी तरह नशे में थे. वह थाने के सामने थे. वह तभी प्राथमिकी दर्ज करा सकते थे, लेकिन वह नशे में थे इसलिए उन्होंने बाद में ऐसा करने की सोची.’ गिल के अनुसार शॉ के पहुंचने से पहले वह और उनके दोस्त होटल के ‘वीआईपी लॉउंज’ में पार्टी कर रहे थे. शॉ अपने एक व्यापारी मित्र के साथ होटल में खाना खाने गये थे तब यह घटना घटी थी।
https://youtu.be/Tq1KmYeeodE









