Rajasthan: जालोर जिले के भीनमाल नगर में नगरपालिका द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान की जमीनी हकीकत अब सामने आने लगी है। शहर के फ़फरिया हनुमानजी मंदिर के पास स्थित वार्ड संख्या 14 और 15 में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है, जिससे स्थानीय नागरिकों में भारी रोष व्याप्त है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले करीब छह महीनों से क्षेत्र के नाले की कोई सफाई नहीं की गई है। (Rajasthan) नाला खुला पड़ा है और उसमें कचरा, गंदगी व प्लास्टिक का अंबार लगा हुआ है। हालात इतने खराब हैं कि खुले नाले में आए दिन गोवंश गिर रहे हैं। नगर पालिका की लापरवाही के चलते मोहल्लेवासियों को स्वयं ही गोवंश को बाहर निकालना पड़ रहा है, जो किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकता है।

नाले में जमा कचरे और सड़ांध के कारण पूरे क्षेत्र में भारी दुर्गंध फैली हुई है। इससे आसपास रहने वाले लोगों का जीना दूभर हो गया है। (Rajasthan) बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं को खास तौर पर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, मच्छरों और बीमारियों का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है।
सिर्फ यही नहीं, शहर के कई अन्य वार्डों में भी जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। (Rajasthan) इससे साफ जाहिर होता है कि नगरपालिका का स्वच्छता अभियान केवल कागजों तक ही सीमित रह गया है। जमीनी स्तर पर न तो नियमित सफाई हो रही है और न ही किसी स्थायी समाधान पर काम किया जा रहा है।
हालात से परेशान स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि खुले नाले को शीघ्र ढका जाए, नियमित रूप से सफाई कराई जाए और कचरा निस्तारण की ठोस व्यवस्था की जाए। (Rajasthan) लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।















