RJD Meeting: बिहार की राजनीति में रविवार का दिन राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और तेजस्वी यादव के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। पटना में आज राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित की जा रही है, जिसमें कई बड़े और निर्णायक संगठनात्मक फैसले लिए जाने की संभावना है। (RJD Meeting) राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस बैठक में बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को राजद का कार्यकारी अध्यक्ष घोषित किया जा सकता है। यदि ऐसा होता है, तो यह पार्टी के नेतृत्व में पीढ़ीगत बदलाव की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जाएगा।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव अपनी उम्र और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को देखते हुए संगठन की जिम्मेदारी धीरे-धीरे अपने बेटे तेजस्वी यादव को सौंप सकते हैं। बैठक की खास बात यह है कि इसमें लालू प्रसाद यादव स्वयं मौजूद रहेंगे और वे ही इसका उद्घाटन करेंगे। (RJD Meeting) राजद के राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव ने बताया कि इस बैठक में देश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, विपक्ष की भूमिका और पार्टी की भविष्य की रणनीति पर विस्तृत चर्चा होगी।
राजद प्रवक्ता चित्रंजन गगन के मुताबिक, पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में शामिल होने के लिए देश भर से 20 से अधिक राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य पहले ही पटना पहुंच चुके हैं। बैठक में सभी राज्य इकाइयों के अध्यक्षों के साथ-साथ सांसद, विधायक और विधान परिषद के सदस्य भी शामिल होंगे। कुल मिलाकर करीब 300 वरिष्ठ नेता और प्रतिनिधि इस अहम बैठक का हिस्सा बनेंगे।
Also Read –Aligarh News: सोशल मीडिया पर इश्क में पड़ी 993 लड़कियों ने छोड़ा घर,शहरों से ज्यादा गांवों से भागीं
सूत्रों का कहना है कि तेजस्वी यादव विधानसभा चुनावों में राजद के अपेक्षित प्रदर्शन न कर पाने को लेकर सख्त रुख अपना सकते हैं। इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल द्वारा तैयार की गई एक रिपोर्ट तेजस्वी यादव को सौंपी गई है, जिसके आधार पर लगभग 300 पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। (RJD Meeting) इसके अलावा प्रदेश अध्यक्ष और प्रधान महासचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी नए सिरे से निर्णय लिए जाने की संभावना है।
नवंबर में हुए विधानसभा चुनावों में हार के बाद तेजस्वी यादव शनिवार को पहली बार राजद कार्यालय पहुंचे। (RJD Meeting) इससे पहले उन्होंने नीतीश कुमार की सरकार बनने के बाद 100 दिनों तक सार्वजनिक बयान न देने की बात कही थी, लेकिन शनिवार को उन्होंने बिहार में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि अपराध नियंत्रण के बजाय बीजेपी नेता यह दुष्प्रचार कर रहे हैं कि उनके विदेश से लौटने के बाद राज्य में अपराध बढ़ गया है।















