रिपोर्ट- विशाल गुप्ता
UP News: नौगढ़। राजदरी-देवदरी इको पर्यटन स्थल पर सोमवार को पारिस्थितिकीय पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व चंद्रप्रभा रेंज के क्षेत्रीय वनाधिकारी (रेंजर) अखिलेश कुमार दुबे ने किया। इसमें प्राथमिक विद्यालय जमसोती के शिक्षक, छात्र-छात्राएं, ग्रामीण एवं वन विभाग के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान रेंजर अखिलेश कुमार दुबे ने कहा कि पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि वन, वन्यजीव और जैव विविधता पृथ्वी के संतुलन को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। यदि इनका संरक्षण नहीं किया गया तो भविष्य में पर्यावरणीय चुनौतियां और अधिक गंभीर हो सकती हैं।

उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों और ग्रामीणों को जंगलों की उपयोगिता, वन्यजीवों के महत्व तथा जैव विविधता संरक्षण के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
साथ ही लोगों से अपील की कि वे पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण करें तथा वनों को आग और अवैध कटान से बचाने में सहयोग करें।
कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को पर्यटन स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने, प्लास्टिक कचरे का उपयोग कम करने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राजदरी-देवदरी जैसे प्राकृतिक पर्यटन स्थलों की सुंदरता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि भ्रमण के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाएं।
इस अवसर पर इको पर्यटन को बढ़ावा देने तथा प्रकृति और मानव जीवन के बीच संतुलन बनाए रखने में जनसहभागिता की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। उन्हें जल संरक्षण, वृक्षारोपण और स्वच्छता जैसे उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक धरोहर को सुरक्षित रखने का संदेश देना था। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प भी लिया।
इस दौरान रिशु चौबे, अरविंद यादव, रामवृक्ष माली, अरविंद गोड़ सहित वन विभाग के कर्मचारी, प्राथमिक विद्यालय जमसोती के शिक्षक, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।









