रिपोर्ट -मनोज कुमार
UP News: बाराबंकी, 02 मई 2026। जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से तहसील रामनगर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अर्पित विजयवर्गीय,एसडीएम रामनगर श्री आनंद कुमार तिवारी सहित समस्त जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए जिन प्रकरणों में तत्काल राहत संभव थी, उनका मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित कराया, जिससे लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
समाधान दिवस के दौरान कई प्रकरणों का त्वरित निस्तारण कर प्रशासन ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय दिया। (UP News) ग्राम अमोलीकला निवासी रमाकांत सिंह एवं पुरैना निवासी श्रीमती झिन्ना द्वारा प्रस्तुत खतौनी में लिपिकीय त्रुटि के प्रकरण पर जिलाधिकारी ने संबंधित कार्मिक को तलब कर तत्काल सुधार करवाते हुए संशोधित खतौनी उपलब्ध कराई।
इसी क्रम में ग्राम गर्री निवासी सुशील कुमार एवं अंकुल ने बालिग होने के बावजूद खतौनी में नाबालिग अंकित होने की शिकायत की। UP News) जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी द्वारा मौके पर ही अभिलेख संशोधित कर दोनों को बालिग दर्ज करते हुए खतौनी की प्रति प्रदान की गई।

बिछलखा (भौसुरिया) निवासी रामवती द्वारा अपने दिवंगत पति के मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए बार-बार प्रार्थना पत्र देने के बावजूद कार्यवाही न होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को निर्देशित करते हुए तत्काल पत्रावली का परीक्षण कराया और मिनटों में मृत्यु प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया गया।
इसी प्रकार कुशबेहटा निवासी रोहित द्वारा राशन कार्ड में यूनिट न बढ़ाए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को मौके पर बुलाकर नियमानुसार जांच कराते हुए तत्काल यूनिट बढ़वाने की कार्यवाही सुनिश्चित कराई।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को निर्देशित किया कि कम से कम 10 टीमों का गठन कर तत्काल प्रभाव से फील्ड में भेजा जाए, ताकि लंबित प्रकरणों का मौके पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। सभी टीमें आज ही स्थलीय निरीक्षण कर प्रकरणों का निस्तारण करें तथा सायं तक विस्तृत आख्या प्रस्तुत करें। साथ ही प्रत्येक टीम की कार्यवाही की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित की जाए।
जनपद की समस्त तहसीलों में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के अंतर्गत विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 486 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 52 शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
तहसील नवाबगंज मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 164 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 20 का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील सिरौलीगौसपुर में 16 प्रार्थना पत्रों में से 05 का, तहसील राम सनेहीघाट में 61 में से 07 का, तहसील रामनगर में 97 में से 10 का, तहसील फतेहपुर में 57 में से 06 का तथा तहसील हैदरगढ़ में 91 में से 07 प्रकरणों का मौके पर निस्तारण सुनिश्चित किया गया।















