रिपोर्ट- जीतेन्द्र कुमार
UP News: उरई (जालौन) में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां रिश्तों की मर्यादा को तोड़ने वाली एक प्रेम कहानी का दुखद अंत हो गया। कालपी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लुहरगांव के पास एक सूखे नाले में दामाद और उसकी चचिया सास के शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। दोनों पिछले 10 दिनों से लापता थे, जिससे पहले ही परिवार और गांव में चिंता का माहौल बना हुआ था।
रविवार शाम ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। (UP News) मृतकों की पहचान लुहरगांव निवासी प्रमोद साहू (40) और कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम बबीना निवासी पूनम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच रिश्तेदारी के बावजूद प्रेम संबंध थे, जो इस दर्दनाक घटना की मुख्य वजह बन गए।

मौके से पुलिस और फोरेंसिक टीम को अहम सुराग मिले हैं। घटनास्थल से दो सल्फास की आधी भरी डिब्बियां, चार गोलियों के पाउच, एक बाइक और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। इन सबूतों के आधार पर मामला आत्महत्या की ओर इशारा कर रहा है। शवों की स्थिति काफी खराब थी, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि दोनों की मौत कई दिन पहले ही हो चुकी थी।
जांच में यह भी सामने आया है कि 27 मार्च को प्रमोद, पूनम को हरियाणा के मानेसर क्षेत्र से अपने साथ लेकर उरई आ गया था। इसके बाद पूनम के पति हरीशंकर ने 30 मार्च को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवार के लोग लगातार दोनों की तलाश कर रहे थे, लेकिन उनका ऐसा अंत होगा, यह किसी ने नहीं सोचा था।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि सामाजिक दबाव और बदनामी के डर से दोनों ने यह खौफनाक कदम उठाया। हालांकि, पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है ताकि सच्चाई पूरी तरह सामने आ सके।
घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। गांव में शोक और हैरानी का माहौल है। लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं और रिश्तों की मर्यादा टूटने पर भी सवाल उठा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। तब तक यह मामला रहस्य और दुख के बीच झूलता नजर आ रहा है।















