एक कहावत है इंसान प्यार में अंधा हो जाता है. यूं तो ये सिर्फ एक कहावत है मगर कई बार ये हकीकत में बदल जाती है. प्रेम में पड़े लोग अपना सुख, चैन, खुशियां, जैसी तमाम चीजें अपने पार्टनर के नाम करने में जरा भी नहीं हिचकते हैं. मगर एक बॉयफ्रेंड उससे भी आगे बढ़कर अपनी गर्लफ्रेंड के लिए कुछ ऐसा कर गया कि जो भी इस बारे में सुनेगा वो जरूर समझ जाएग कि शख्स अपनी प्रेमिका से कितना प्यार करता होगा. मगर प्रेमिका , उससे उतना प्यार नहीं करती थी.
द सन वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार मेक्सिको के रहने वाले टीचर ऊजिएल मार्टिनेज ने हाल ही में अपने टिकटॉक पर एक हैरान करने वाली बात बताई जिसे जानकर लोग दंग हो जा रहे हैं. ऊजिएल ने बताया कि उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड की मां को अपनी एक किडनी दान में दे दी थी. मगर इसके बाद जो अंजाम हुआ वो चौंकाने वाले था.
ऊजिएल ने बताया कि उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड की मां को किडनी दी मगर ऑपरेशन के एक महीने बाद ही गर्लफ्रेंड ने उससे ब्रेकअप कर लिया और किसी और से शादी कर ली. इस बात से शख्स बेहद दुखी नजर आया. उसने अपने टिकटॉक पर जो वीडियो शेयर किया उसमें वो सोफे पर लेटे बहुत दुखी नजर आ रहे थे.सोशल मीडिया पर ये वीडियो लाखों लोगों ने देखा है और लोग उन्हें समझा रहे हैं कि उन्हें दुखी नहीं होना चाहिए. एक शख्स ने कहा कि आपको दुखी होने की जरूरत नहीं है क्योंकि उस महिला ने एक बेहद उदार शख्स को खो दिया है. एक अन्य शख्स ने कहा कि आप आगे बढ़िए और ऐसी लड़की को चुनिए जो आपको अपनाए जैसे आप हैं और आपकी प्रशंसा करे. रिपोर्ट के अनुसार शख्स ने इस वीडियो के बाद एक नया वीडियो भी शेयर किया जिसमें उसने कहा कि उसके और उसकी एक्स-गर्लफ्रेंड के बीच अभी भी रिलेशनशिप अच्छे हैं. उसने कहा कि वो इमोशनली ठीक है और ये भी बताया कि उसकी गर्लफ्रेंड भी इमोशनली सही है. उसने कहा कि मुझे उससे कोई शिकायत नहीं है. हम भले ही अब दोस्त नहीं हैं मगर हम एक दूसरे से नफरत नहीं करते हैं.













