नोएडा के सेक्टर-74 स्थित सुपरटेक केपटाउन सोसाइटी में गुरुवार को बैंक मैनेजर और सोसाइटी के सुरक्षाकर्मी के बीच कुत्ता भगाने को लेकर हुए विवाद हो गया। इस पर मैनेजर ने सुरक्षाकर्मी को एक के बाद एक कई थप्पड़ जड़ दिए। सेक्टर-113 थाना पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को गुरुवार सुबह सूचना मिली कि सेक्टर-74 स्थित सुपरटेक केपटाउन सोसाइटी में रहने वाले एक व्यक्ति और सिक्योरिटी गार्ड के बीच मारपीट हो गई है।
इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पता चला कि दोनों के बीच कुत्ते भगाने को लेकर विवाद हुआ था। सोसाइटी में रहने वाले अनुराग शर्मा नोएडा में पंजाब नेशनल बैंक में मैनेजर हैं। उनकी पत्नी ने सुबह सुरक्षाकर्मी ऋषभ कुमार से सोसाइटी में घूम रहे कुत्ते को भगाने के लिए कहा। कुत्ता किसी रेजिडेंट का होने के चलते बरेली के गांव नवरंग निवासी सुरक्षाकर्मी ऋषभ कुमार ने उसे भगाने से इनकार कर दिया।
इसे लेकर अनुराग और ऋषभ के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि अनुराग ने ऋषभ को कई थप्पड़ जड़ दिए। अनुराग का आरोप है कि सुरक्षाकर्मी ने उनकी पत्नी से अभद्रता की थी। पुलिस ने दोनों पर शांतिभंग में कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। नोएडा में प्रतिदिन 50 से 60 वीडियो वायरल होते हैं। विभिन्न विवादों और विभागों से जुड़े होते हैं। अधिकतर वीडियो गैर कानूनी गतिविधियों के होते हैं।
पहले भी हुईं घटनाएं
– 11 सितंबर 2022 सेक्टर 121 की क्लियो काउंटी सोसाइटी में महिला प्रोफेसर ने गेट खोलने में देरी होने पर गार्ड को ताबड़तोड़ थप्पड़ जड़ दिए थे।
– 23 अगस्त 2022 सेक्टर 128 की जेपी विश टाउन सोसाइटी में वकील ने सुरक्षाकर्मी के साथ अभद्रता की थी।
– 8 सितंबर 2021 सेक्टर-100 स्थित लोटस बुलेवर्ड सोसाइटी के सुरक्षाकर्मियों ने बाप-बेटे की पीटा।













