आगरा से अगवा मासूम मयंक वृंदावन में मिला, इंटरनेट मीडिया की मदद से मयंक के अपहर्ता तक पहुंची पुलिस

Facebook
X
WhatsApp

आगरा। शाहगंज के दौरेठा से मंगलवार शाम को घर के सामने से खेलते वक्त अगवा किए गए मासूम मयंक को पुलिस ने बुधवार की आधी रात को मथुरा के वृंदावन इलाके से बरामद कर लिया। पुलिस को इंटरनेट मीडिया की मदद से अपहर्ता का सुराग मिला और देर रात पुलिस ने अपहर्ता को गिरफ्तार कर लिया। अपहर्ता ने आधी रात को मासूम को अगवा करने की बात स्वीकार की। बताया कि मासूम को मथुरा के वृंदावन में एक घर में छोड़कर आया है। अपहर्ता की निशानदेही पर पुलिस ने वृंदावन में दबिश देकर मासूम को बरामद कर लिया। कलेजे का टुकड़ा मिलने की खबर मिलते ही परिवार में खुशी की लहर दौ़ड़ गई। मां मिथिलेश और दादी कांता देवी की आंखें खुशी से छलक उठीं। परिवार के लोग मयंक के घर आने की प्रतीक्षा में गुरुवार सुबह तक जागते रहे।
शाहगंज के मुरली विहार स्थित सत्यम नगर निवासी जयप्रकाश की परचून का सामान बेचने की दुकान है। वह अपनी मां कांता देवी के साथ मंगलवार को दौरेठा नंबर दो अपनी ननिहाल आए थे। जय प्रकाश के साथ उनकी पत्नी मिथिलेश व दोनों बच्चों निशांत एवं मयंक भी साथ थे। मंगलवार की शाम को एक युवक घर के बाहर खेलते मयंक का अपहरण कर ले गया था। पुलिस और परिवार के लोग हर संभव स्थान पर मासूम की तलाश में जुटे थे। बस्ती के 50 से अधिक लोग भी मासूम को खोज रहे थे।

इंटरनेट मीडिया की मदद से लगा अपहर्ता का सुराग
परिजनों और पुलिस को अपहर्ता के सीसीटीवी फुटेज मिले थे। जिसमें वह बच्चे को गोद में उठाकर ले जाते दिखाई दे रहा था। परिजनों ने अपहर्ता के फुटेज इंटरनेट मीडिया में प्रसारित कर दिए थे। परिजनों ने बताया कि बुधवार देर रात उनके पास कुछ युवकों का फोन आया। उन्होंने बताया कि मासूम को अगवा करने वाला का चेहरा आजमपाड़ा में अपने सगे संबंधी के यहां आए युवक से काफी मिलता जुलता है। युवक मंगलवार की शाम से गायब था। वह बुधवार की रात को लौटा है।

पुलिस की सख्ती पर उगली कहानी
परिजनों ने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपित को आजमपाडा इलाके से पकड़ लिया। उसका चेहरा फुटेज से मिलाया तो वह हूबहू था। पुलिस ने उससे पूछताछ की तो आरोपित गुमराह करने का प्रयास करता रहा। जिस पर पुलिस ने सख्ती दिखाई तो आरोपित ने मासूम के अपहरण की बात स्वीकार कर ली। पुलिस और परिजन मासूम के साथ अनहोनी की चिंता सता रही थी। आरोपित ने मासूम मयंक के सकुशल होने की जानकारी दी। पुलिस को बताया कि मासूम मयंक को मथुरा के वृंदावन में किसी मकान में वह छोड़ आया है। उसके अचानक इस तरह से गायब होने पर लोगों को शक हो सकता था। जिसके चलते वह अगले ही दिन यहां लौट आया। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर वृंदावन से मासूम को बरामद कर लिया।

चाचा को देखते ही लिपट गया मयंक
मासूम मयंक का माता-पिता के बिना रोकर बुरा हाल था। वह घर जाने की जिद कर रहा था। माता-पिता के पास जाने की जिद करते हुए सो गया था। आधी रात को मयंका चाचा राहुल पुलिस के साथ उक्त घर पर पहुंचे। पुलिस ने मासूम को बरामद करने के बाद जैसे ही उसे जगाया। चाचा को सामने देखते ही मासूम उनसे बुरी तरह से लिपट गया। वह चाचा राहुल की गोद से नहीं उतर रहा था। वह बुरी तरह से डरा हुआ था।

रिपोर्ट- अनुराग रावत

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें