रिपोर्ट -सुनील ठाकुर
रेणुकूट (सोनभद्र)। देश के गौरव एवं उत्तर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल रिहन्द बांध पर आने वाले हजारों पर्यटकों को अब शुद्ध एवं शीतल पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी। पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हिंडालको के सीएसआर विभाग द्वारा रिहन्द बांध के जीरो ब्लॉक परिसर में आधुनिक वाटर कूलर एवं आरओ आधारित पेयजल प्रणाली स्थापित कराई गई। (UP News) इस जनहितकारी पहल का शुभारंभ रिहन्द एवं ओबरा परियोजना के परियोजना प्रमुख सुरेश चंद्र बुनकर तथा हिंडालको के सीएसआर प्रमुख अनिल झा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख सुरेश चंद्र बुनकर ने कहा कि रिहन्द बांध प्रतिवर्ष हजारों देशी-विदेशी पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है। ऐसे में यहां आने वाले लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता थी। (UP News) उन्होंने इस सामाजिक सरोकार से जुड़ी पहल के लिए हिंडालको के सीएसआर विभाग की सराहना करते हुए कहा कि यह सुविधा पर्यटकों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी तथा उनके भ्रमण अनुभव को और बेहतर बनाएगी।

हिंडालको के सीएसआर प्रमुख अनिल झा ने कहा कि कंपनी अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं सामुदायिक विकास के साथ-साथ सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। रिहन्द बांध जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल पर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
उद्घाटन समारोह में रिहन्द परियोजना के अधिशासी अभियंता शशिकांत राय, अधिशासी अभियंता (सिविल) अविनाश कुमार, आशीष कुमार गुप्ता, सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडेंट राकेश कुमार शर्मा, अधिशासी अभियंता वी.एस. परिहार, राजेश कुमार कुत्ता, हिंडालको के सीएसआर मैनेजर सचिन सिंह सहित रिहन्द परियोजना के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के उपरांत उपस्थित अतिथियों एवं अधिकारियों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई। (UP News) सभी वक्ताओं एवं उपस्थित जनों ने हिंडालको की इस पहल को पर्यटकों के हित में एक सराहनीय एवं जनकल्याणकारी कदम बताते हुए कहा कि इससे रिहन्द बांध आने वाले हजारों लोगों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलेगी और पर्यटन स्थल पर मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा।









