Lok Sabha Election: लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (Lok Sabha Election) के बीच चार राज्यों में चुनावी गठबंधन तय हो गया है। दोनों दलों ने सीट बंटवारे के फॉर्मूले को अंतिम रूप दे दिया है। दोनों दलों की ओर से आयोजित साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में आज गठबंधन का आधिकारिक ऐलान करने की तैयारी है।
जानकार सूत्रों का कहना है कि दोनों दल दिल्ली, हरियाणा, गोवा और गुजरात में मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। चंडीगढ़ लोकसभा सीट को लेकर भी दोनों दलों में समझौता हो गया है और इस सीट पर कांग्रेस अपना उम्मीदवार उतारेगी। पंजाब में दोनों दलों के बीच गठबंधन नहीं हो सका है और ऐसे में पंजाब में दोनों दलों का अलग-अलग चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है।
मुरादाबाद से शुरू हुई राहुल गांधी की न्याय यात्रा, प्रियंका गांधी भी हुईं शामिल. #india24x7livetv #NewsUpdate #RahulGandhi #muradabad #BharatJodoNayaYatra #priyankagandhi pic.twitter.com/l3l0ZBNOMV
— India 24×7 live Tv (@india24x7livetv) February 24, 2024
जिन चार राज्यों में आप और कांग्रेस के बीच चुनावी गठबंधन हुआ है,उन चार राज्यों में लोकसभा की 45 सीटें हैं। अब इन चारों राज्यों में भाजपा और विपक्षी गठबंधन के बीच कड़े मुकाबले की उम्मीद जताई जा रही है। दिल्ली की सात लोकसभा सीटों को लेकर हुए समझौते के मुताबिक चार सीटों पर आप की ओर से प्रत्याशी उतारे जाएंगे जबकि तीन सीटों पर कांग्रेस को अपना उम्मीदवार उतारने का मौका मिलेगा।
दोनों दलों की ओर से तय किए गए सीट बंटवारे के फॉर्मूले के मुताबिक नई दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और पश्चिमी दिल्ली में आप के प्रत्याशी भाजपा को चुनौती देंगे जबकि चांदनी चौक, उत्तर पूर्वी दिल्ली और उत्तर दक्षिण दिल्ली की लोकसभा सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी को चुनाव लड़ने का मौका मिलेगा।
Lok Sabha Election: हरियाणा में आप को मिलेगी कुरुक्षेत्र सीट
हरियाणा में लोकसभा की 10 सीटें हैं और इनमें से 9 सीटों पर कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी उतारे जा सकते हैं जबकि एक सीट पर आप प्रत्याशी चुनाव लड़ेगा। हरियाणा में मुख्य रूप से भाजपा और कांग्रेस का जनाधार है मगर हाल के दिनों में आम आदमी पार्टी ने भी राज्य में अपनी जड़ें मजबूत बनानी शुरू की है।ऐसे में आप को सीट बंटवारे के तहत कुरुक्षेत्र की लोकसभा सीट देने की तैयारी है। भाजपा और कांग्रेस के साथ ही दुष्यंत चौटाला और ओमप्रकाश चौटाला की पार्टियां भी मतदाताओं के बीच पैठ बनाने की कोशिश में जुटी हुई हैं।
गुजरात में लोकसभा की 26 सीटें हैं। गुजरात को भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है और पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने राज्य की सभी सीटों पर जीत हासिल करते हुए कांग्रेस को करारा झटका दिया था। पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान भी भाजपा राज्य में अपनी ताकत दिखाने में कामयाब रही थी।
गुजरात में तय किए गए सीट बंटवारे के फॉर्मूले के तहत कांग्रेस 24 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी जबकि आम आदमी पार्टी को दो सीटें मिलेंगी। जानकार सूत्रों का कहना है कि आप को भावनगर और भरूच लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ने का मौका मिलेगा। हालांकि भरूच लोकसभा सीट को लेकर कांग्रेस के पूर्व दिग्गज नेता अहमद पटेल के परिजनों ने तीखा विरोध जताया है। चंडीगढ़ लोकसभा सीट पर पहले आम आदमी पार्टी ने चुनाव लड़ने का ऐलान किया था मगर अब यह लोकसभा सीट कांग्रेस के खाते में जाएगी। गोवा के दो लोकसभा सीटें भी कांग्रेस के खाते में जाने की संभावना है।









